नई दिल्ली: दिल्ली से हरियाणा के करनाल तक नमो भारत कॉरिडोर विकसित करने की योजना को गति मिल गई है. राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) के प्रस्ताव पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने दिल्ली के सराय काले खां से करनाल तक एनएच-44 पर कॉरिडोर निर्माण के लिए सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है. यह कॉरिडोर एनएच-44 के किलोमीटर 15 से 127 तक विकसित करने का प्रस्ताव है.
इस मंजूरी के साथ ही परियोजना का अगला चरण शुरू हो गया है. हालांकि, एनएचएआई ने निर्माण से पहले कई शर्तें रखी हैं. एनसीआरटीसी को स्वीकृत ड्राइंग और अन्य तकनीकी दस्तावेज जमा कराने होंगे. इसके बाद ही निर्माण कार्य शुरू करने की अंतिम अनुमति मिल सकेगी.
22 स्टेशनों से जुड़ेगा दिल्ली से करनाल
प्रस्तावित नमो भारत कॉरिडोर पर कुल 22 स्टेशन बनाए जाने हैं. इनमें दिल्ली, सोनीपत, पानीपत और करनाल के प्रमुख स्थान शामिल हैं. इस परियोजना से एनएच-44 के आसपास रहने वाले लोगों को तेज और सुविधाजनक परिवहन का विकल्प मिलने की उम्मीद है.
प्रस्तावित स्टेशनों की सूची इस प्रकार है.
- सराय काले खां
- इंद्रप्रस्थ
- कश्मीरी गेट
- झाड़ौदा
- भलस्वा चौक
- अलीपुर चौक
- नरेला
- कुंडली
- केएमपी
- बहालगढ़
- मुरथल
- बड़ी
- गन्नौर
- समालखा
- पानीपत आईएसबीटी
- पानीपत
- पानीपत सेक्टर-18
- गांजबड़-बड़ौली-कोहंड
- घरौंडा
- करनाल बाईपास
- करनाल सेक्टर-7
- करनाल न्यू आईएसबीटी
हाईवे पर अतिरिक्त लेन की गुंजाइश रखनी होगी
एनएचएआई ने परियोजना की सैद्धांतिक मंजूरी देते हुए स्पष्ट किया है कि नमो भारत कॉरिडोर के पियर्स यानी खंभों की स्थिति ऐसी होनी चाहिए, जिससे भविष्य में एनएच-44 के मुख्य कैरिजवे और सर्विस रोड पर अतिरिक्त लेन बनाने में परेशानी न हो.
इसके अलावा, जहां स्टेशन, टीबीएम टनल या स्टेशन बॉक्स का निर्माण प्रस्तावित है, वहां एनसीआरटीसी को विस्तृत मेथड स्टेटमेंट जमा करना होगा. इसमें निर्माण की प्रक्रिया और उससे हाईवे पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों की जानकारी देनी होगी.
यूटिलिटी प्लान और स्ट्रक्चरल हेल्थ सर्वे भी जरूरी
एनएचएआई ने मौजूदा हाईवे संरचनाओं की सुरक्षा को लेकर भी निर्देश दिए हैं. एनसीआरटीसी को निर्माण से पहले प्रभावित हिस्सों का प्री-कंडीशन सर्वे और स्ट्रक्चरल हेल्थ इंस्ट्रूमेंटेशन कराना होगा.
इसके साथ ही एक व्यापक यूटिलिटी प्लान जमा करना होगा. इसमें सड़क की लाइटिंग, फुट ओवरब्रिज (FOB), नालियां, प्रवेश और निकास मार्ग तथा गैस, पानी, सीवर और बिजली जैसी भूमिगत सुविधाओं का विवरण शामिल करना होगा.
एनएचएआई की शर्त है कि निर्माण के दौरान हाईवे, सर्विस रोड, पुल, पुलिया, मीडियन, क्रैश बैरियर, नालियों, पेड़-पौधों और अन्य मौजूदा संपत्तियों को नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए. यदि किसी संपत्ति को नुकसान होता है तो उसकी मरम्मत एनसीआरटीसी को अपने खर्च पर करानी होगी.
ट्रैफिक प्रभावित न हो, इसके लिए बनाना होगा प्लान
निर्माण कार्य शुरू करने से पहले एनसीआरटीसी को विस्तृत ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान भी जमा करना होगा. निर्माण के दौरान एनएच-44 पर वाहनों की आवाजाही सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए पर्याप्त बैरिकेडिंग, साइनेज, लाइटिंग और सुरक्षा इंतजाम करने होंगे.
एनएचएआई की अनुमति के बिना पियर फाउंडेशन, निर्माण सामग्री का भंडारण, स्टेजिंग, मार्ग परिवर्तन या हाईवे को प्रभावित करने वाली कोई अन्य गतिविधि नहीं की जा सकेगी. इसके अलावा टोल संचालन और यातायात व्यवस्था भी निर्बाध बनाए रखनी होगी.
अधिकारियों ने क्या कहा?
एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर चिराग मित्तल के मुताबिक, दिल्ली और हरियाणा में एनएच-44 के निर्धारित हिस्से पर नमो भारत कॉरिडोर निर्माण के लिए एनसीआरटीसी को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई है. हालांकि, परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए प्राधिकरण की ओर से कई दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं. एनसीआरटीसी को इन्हीं शर्तों के अनुसार आगे की प्रक्रिया पूरी करनी होगी.
इस परियोजना के पूरा होने से दिल्ली, सोनीपत, पानीपत और करनाल के बीच क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूती मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें- IFFI 2026 में रणबीर कपूर की ‘रामायण’ का जलवा, BRICS सेक्शन की ओपनिंग फिल्म बनेगी, ‘धुरंधर’ को भी मिली जगह
यह भी पढ़ें- मैनपुरी में बनेगा नया औद्योगिक क्षेत्र, यूपीसीडा ने शुरू की जमीन की तलाश, लेखपालों से मांगे प्रस्ताव


