Mainpuri News: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के भोगांव में औद्योगिक विकास की नई संभावनाएं तलाशी जा रही हैं. यहां नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की दिशा में उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) ने पहल की है. इसके तहत तहसील स्तर पर उपयुक्त जमीन चिह्नित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. भोगांव तहसील प्रशासन ने लेखपालों से ग्रामसभा और अन्य शासकीय भूमि के प्रस्ताव मांगे हैं.
प्रदेश में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने और नए औद्योगिक क्लस्टर विकसित करने के लिए यूपीसीडा लगातार संभावनाएं तलाश रहा है. इसी क्रम में भोगांव क्षेत्र में ऐसी जमीन की तलाश की जा रही है, जहां भविष्य में औद्योगिक इकाइयां स्थापित की जा सकें.
रेलवे और हाईवे की कनेक्टिविटी होगी जरूरी
यूपीसीडा की ओर से जमीन चयन के लिए कुछ जरूरी मानक निर्धारित किए गए हैं. इनमें प्रस्तावित जमीन के आसपास रेलवे, हाईवे, एक्सप्रेसवे और अन्य परिवहन सुविधाओं की बेहतर कनेक्टिविटी होना प्रमुख है. ग्रामसभा और अन्य उपयुक्त सरकारी जमीन के प्रस्ताव तहसील स्तर से तैयार कर शासन को भेजे जाएंगे. इसके बाद भूमि की उपयुक्तता के आधार पर आगे की प्रक्रिया बढ़ाई जाएगी.
यूपीसीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. बलकार सिंह के निर्देश पर भविष्य में औद्योगिक क्लस्टर और औद्योगिक क्षेत्र के विस्तार की संभावनाओं को देखते हुए जमीन चिह्नित करने का काम शुरू कराया गया है.
लेखपालों से मांगे गए जमीन के प्रस्ताव
इस संबंध में भोगांव तहसील प्रशासन ने क्षेत्रीय लेखपालों से निर्धारित मानकों के अनुसार ग्रामसभाओं की जमीन के प्रस्ताव मांगे हैं. तहसीलदार घासीराम ने बताया कि औद्योगिक विकास के लिए आवश्यक भूमि की तलाश की जा रही है. जमीन से संबंधित विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजे जाएंगे.
रुई गांव के पास पहले से विकसित है औद्योगिक आस्थान
भोगांव क्षेत्र में गांव रुई के पास पहले से ही सैकड़ों बीघा जमीन पर यूपीसीडा औद्योगिक आस्थान विकसित कर चुका है. हालांकि, वहां जरूरी व्यवस्थाओं के अभाव में अब तक औद्योगिक इकाइयां स्थापित नहीं हो सकी हैं. बताया जाता है कि बसपा सरकार के कार्यकाल में इस औद्योगिक आस्थान का बेहतर विकास किया गया था.
ऐसे में अब भोगांव में नए औद्योगिक क्षेत्र के लिए जमीन तलाशने की पहल से स्थानीय स्तर पर औद्योगिक गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद जगी है. हालांकि, नई इकाई की स्थापना और जमीन के अंतिम चयन को लेकर अभी आगे की प्रक्रिया पूरी होनी बाकी है.
यह भी पढ़ें- जेवर एयरपोर्ट के तीसरे चरण के विस्तार की तैयारी तेज, 6 गांवों में 3279 परिवार होंगे प्रभावित, 23 से 28 नवंबर तक जनसुनवाई
यह भी पढ़ें- दिल्ली में मां-बेटे ने कार के अंदर खाया जहर, दोनों की मौत, महिला के पति की भी हाल ही में हुई थी मौत


