Namo Bharat Train: गुरुग्राम में नमो भारत ट्रेन का इंतजार कर रहे लोगों के लिए बड़ी खबर है. प्रस्तावित नमो भारत कॉरिडोर के स्टेशनों के आसपास आने वाले समय में बहुमंजिला इमारतें नजर आ सकती हैं. हरियाणा सरकार ने नमो भारत के हरियाणा हिस्से को ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (TOD) के तहत अधिसूचित किया है.
इसके तहत नमो भारत स्टेशनों के डेढ़ किलोमीटर के दायरे को TOD जोन बनाया गया है. इस क्षेत्र में अतिरिक्त फ्लोर एरिया रेश्यो (FAR) का लाभ देकर ज्यादा ऊंचाई वाली इमारतों के निर्माण का रास्ता खुल सकता है. हालांकि, अभी यह तय नहीं हुआ है कि इन क्षेत्रों में कितनी FAR दी जाएगी और इमारतों की अधिकतम ऊंचाई कितनी होगी. अधिकारियों के मुताबिक, अगले महीने तक तस्वीर साफ हो सकती है.
यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा में 130 मीटर रोड तक 6 लेन होगी सड़क, एयरपोर्ट शुरू होने से बढ़े ट्रैफिक को संभालने की तैयारी
गुरुग्राम में बनेंगे 8 स्टेशन
दिल्ली के सराय काले खां से राजस्थान के बहरोड़ तक प्रस्तावित नमो भारत कॉरिडोर में हरियाणा के गुरुग्राम और रेवाड़ी जिलों में कुल 12 स्टेशन प्रस्तावित हैं. इनमें 8 स्टेशन गुरुग्राम जिले में होंगे. गुरुग्राम में प्रस्तावित स्टेशनों में साइबर सिटी, इफको चौक, राजीव चौक, हीरो होंडा चौक, मानेसर, पचगांव, बिलासपुर, खेड़की दौला शामिल हैं.
इन स्टेशनों के आसपास TOD पॉलिसी के तहत आवासीय और व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की योजना है. इसका उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन के आसपास अधिक लोगों को रहने और काम करने की सुविधा देना है, ताकि निजी वाहनों पर निर्भरता कम हो.
1.5 किलोमीटर के दायरे में क्या बदलेगा?
नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग ने 22 सितंबर को हरियाणा में नमो भारत कॉरिडोर को TOD के तहत अधिसूचित किया है. इसके तहत गुरुग्राम के अलावा रेवाड़ी जिले में धारूहेड़ा, एमबीआईआर, रेवाड़ी और बावल को भी इस व्यवस्था में शामिल किया गया है. अभी इन क्षेत्रों में लागू होने वाली FAR तय नहीं हुई है. FAR तय होने के बाद यह स्पष्ट होगा कि जमीन के आकार के मुकाबले कितने क्षेत्रफल में निर्माण किया जा सकेगा और बहुमंजिला इमारतों की ऊंचाई कितनी हो सकती है.
अधिकारियों का कहना है कि नई व्यवस्था का मकसद स्टेशन के आसपास ज्यादा आबादी को बसाना और सार्वजनिक परिवहन को केंद्र में रखकर विकास करना है.
पचगांव में बनेगा नमो भारत का डिपो
नमो भारत परियोजना के तहत पचगांव के पास डिपो बनाने की भी योजना है. इसके लिए NCRTC ने जिला प्रशासन से करीब 99 एकड़ जमीन उपलब्ध कराने का आग्रह किया है. इसके अलावा धारूहेड़ा में भी करीब 24 एकड़ जमीन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है.
कहां-कहां होंगे नमो भारत के स्टेशन?
प्रस्तावित नमो भारत कॉरिडोर दिल्ली के सराय काले खां से शुरू होगा. दिल्ली में आईएनए, मुनिरका और एयरो सिटी में स्टेशन प्रस्तावित हैं. इसके बाद कॉरिडोर गुरुग्राम और रेवाड़ी से होते हुए राजस्थान के बहरोड़ तक जाएगा. गुरुग्राम में साइबर सिटी, राजीव चौक, हीरो होंडा चौक, खेड़की दौला और मानेसर स्टेशन भूमिगत बनाए जाने का प्रस्ताव है.
वहीं इफको चौक, पचगांव, बिलासपुर, धारूहेड़ा, एमबीआईआर, रेवाड़ी और बावल में एलिवेटेड स्टेशन प्रस्तावित हैं. पूरी परियोजना पर करीब 35 हजार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है.
पाइपलाइन और हाईटेंशन लाइन भी होंगी शिफ्ट
नमो भारत परियोजना के लिए गुरुग्राम में डीएलएफ साइबर सिटी से रेवाड़ी के बावल तक करीब 93.5 किलोमीटर क्षेत्र में डीजीपीएस और टोपोग्राफिकल सर्वे पूरा किया जा चुका है. 22 स्थानों पर पाइल टेस्ट भी किए जा चुके हैं. करीब 73 किलोमीटर के हिस्से में पानी, सीवर और गैस पाइपलाइन को शिफ्ट करने के लिए जगह चिह्नित की जा चुकी है. 400 और 750 केवी क्षमता की हाईटेंशन केबल को स्थानांतरित किया जा चुका है, जबकि 66 और 132 केवी क्षमता की हाईटेंशन लाइन को भी शिफ्ट किया जाना है.
यह भी पढ़ें- लखनऊ वालों के लिए GOOD NEWS! बनेगा एक नया 4 लेन फ्लाईओवर, 5 लाख से ज्यादा लोगों को जाम से मिलेगी राहत
अधिकारी ने क्या कहा?
नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के डीटीपी प्रवीण चौहान के मुताबिक, हरियाणा सरकार ने नमो भारत ट्रेन के तहत गुरुग्राम और रेवाड़ी में प्रस्तावित स्टेशनों के डेढ़ किलोमीटर दायरे को TOD जोन घोषित किया है. उन्होंने बताया कि अभी FAR तय नहीं हुई है.


