नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष और रोहिणी से विधायक विजेंद्र गुप्ता ने शनिवार को रोहिणी सेक्टर-8 स्थित केंद्रीय विद्यालय में ‘सेवा सेतु कैंप’ का उद्घाटन किया. यह कैंप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित किया गया.
कैंप के उद्घाटन के मौके पर विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि सुशासन की असली कसौटी यही है कि लोगों को सरकारी सेवाएं कितनी आसानी और बिना किसी परेशानी के मिल रही हैं. उन्होंने कहा कि किसी भी योजना का वास्तविक लाभ तभी लोगों तक पहुंचता है, जब उन्हें सही जानकारी, मार्गदर्शन और जरूरी मदद आसानी से उपलब्ध हो. इस दौरान उत्तर-पश्चिम दिल्ली की जिलाधिकारी सौम्या सौरभ, IAS भी मौजूद रहीं.
यह भी पढ़ें- दिल्ली को जाम से मिलेगी राहत, मुंडका-पीरागढ़ी के बीच बनेगा 8 KM लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर, UER-2 से जुड़ेगा
एक ही जगह कई सरकारी सेवाओं की सुविधा
‘सेवा सेतु कैंप’ को इस तरह तैयार किया गया है कि लोगों को दिल्ली सरकार की विभिन्न सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी और सहायता एक ही जगह मिल सके.विजेंद्र गुप्ता ने कैंप में तैनात अधिकारियों से बातचीत की और लोगों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों से यह भी जानकारी ली कि कैंप में आने वाले लोगों को किस तरह की सहायता दी जा रही है.
उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं की घोषणा करना ही पर्याप्त नहीं है. लोगों तक योजनाओं की सही जानकारी पहुंचाना, आसान व्यवस्था उपलब्ध कराना और समय पर सहायता देना भी जरूरी है, ताकि पात्र लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें.
कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे
कैंप में दिल्ली सरकार के कई विभागों और सरकारी एजेंसियों ने हिस्सा लिया. इनमें स्वास्थ्य विभाग, BSES, TPDDL, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, राजस्व विभाग, दिल्ली परिवहन निगम (DTC), महिला एवं बाल विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग, दिल्ली पुलिस, शिक्षा विभाग, श्रम विभाग, DDB, दिल्ली जल बोर्ड (DJB), SC-ST विभाग और दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) शामिल रहे.
विजेंद्र गुप्ता ने कैंप में पहुंचे लोगों से भी बातचीत की और सरकारी सेवाओं का लाभ लेने के दौरान उन्हें हो रहे अनुभवों के बारे में जानकारी ली.
उन्होंने कहा कि अलग-अलग सरकारी विभागों और एजेंसियों को एक ही जगह लाने से लोगों को अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी. इससे सरकारी सेवाएं लोगों के लिए ज्यादा आसान, समन्वित और जवाबदेह बनाने में मदद मिल सकती है.
यह भी पढ़ें- न्यू हाथरस का दायरा बढ़ा, 4 हजार नहीं अब 11 हजार हेक्टेयर में बसेगा औद्योगिक शहर, यमुना प्राधिकरण ने बदली योजना


