HOME Music Festival Goa 2026: गोवा में म्यूजिक लवर्स के लिए साल के अंत में बड़ा धमाका होने जा रहा है. मशहूर सिंगर अरिजीत सिंह और पंजाबी म्यूजिक स्टार करण औजला पहली बार ‘HOME’ म्यूजिक फेस्टिवल के डेब्यू एडिशन में एक साथ हेडलाइनर के तौर पर नजर आएंगे. दो दिवसीय यह म्यूजिक फेस्टिवल 29 और 30 दिसंबर 2026 को गोवा के वागाटोर के समुद्र तट पर आयोजित होगा. आयोजकों के मुताबिक, इस आयोजन के जरिए गोवा में करीब दो साल से बड़े म्यूजिक फेस्टिवल की कमी को खत्म करने की कोशिश की जा रही है.
अरिजीत सिंह और करण औजला होंगे फेस्टिवल के मुख्य आकर्षण
‘HOME’ म्यूजिक फेस्टिवल को Team Innovation लॉन्च कर रही है. इसे गोवा टूरिज्म का समर्थन मिला है और गोवा सरकार भी इस आयोजन से जुड़ी है. खास बात यह है कि फेस्टिवल में अंतरराष्ट्रीय कलाकारों के बजाय भारतीय संगीत जगत के बड़े नामों को प्रमुखता दी गई है. अरिजीत सिंह लंबे अंतराल के बाद गोवा में परफॉर्म करेंगे. वहीं, करण औजला के करियर के लिए भी यह आयोजन खास होगा, क्योंकि यहां उनका गोवा में पहला सार्वजनिक टिकटेड कॉन्सर्ट आयोजित किया जाएगा.
अरिजीत सिंह ने कहा कि संगीत लोगों को जोड़ने का अपना अलग तरीका रखता है और ऐसे आयोजन का हिस्सा बनना खास अनुभव है. उन्होंने गोवा में दर्शकों से मिलने को लेकर उत्साह जताया. करण औजला ने भी कहा कि दुनिया में भारतीय संगीत को देखने का नजरिया तेजी से बदल रहा है. उन्होंने ‘HOME’ जैसे बड़े मंच पर परफॉर्म करने को लेकर खुशी जताई और Team Innovation के साथ अपने पुराने जुड़ाव का भी जिक्र किया.
30 से ज्यादा कलाकार बिखेरेंगे संगीत का जादू
फेस्टिवल में सिर्फ अरिजीत सिंह और करण औजला ही नहीं, बल्कि 30 से अधिक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे. इसमें बॉलीवुड और कमर्शियल म्यूजिक से लेकर इंडी, इलेक्ट्रॉनिक और अंडरग्राउंड म्यूजिक तक कई शैलियों का मिश्रण देखने को मिलेगा. लाइनअप में जसलीन रॉयल, डीजे चेतस और KING जैसे लोकप्रिय कलाकार शामिल हैं. इनके अलावा आरजू बॉयज फीट खान एंड नूर, आफ्टरऑल (हबीबी प्लीज), अली मर्चेंट, बंजारे, जस्मिन वालिया, JXGGI, MXRCI, गरवित प्रियंश, गिनी, लिजो और मालविका मनोज भी प्रस्तुति देंगे.
अंडरग्राउंड और इलेक्ट्रॉनिक संगीत के प्रशंसकों के लिए, लाइनअप में प्रो ब्रोस, विश, युंग राजा, आद्या, अमारे, अवनीत म्यूजिक, ध्यान लाइव, एचआरएक्स, मयूर जुमानी लाइव, नीतीश वाधवा, पीआरएफसीटी एंड डार्क, रोहन मुकाती, साज़ी और टेकट्रोनिक्स जैसे नाम भी शामिल हैं.
नियोन लाइट्स और भव्य स्टेज होगा खास आकर्षण
‘HOME’ म्यूजिक फेस्टिवल में संगीत के साथ विजुअल एक्सपीरियंस पर भी खास जोर दिया जाएगा. आयोजकों के अनुसार, Aaquib Wani Design फेस्टिवल ग्राउंड को नियोन रंगों से सजी एक शानदार दुनिया में बदलने की तैयारी कर रहा है. फेस्टिवल में हाई-इंटेंसिटी प्रोडक्शन और भारत के सबसे बड़े मेन स्टेज लेआउट का दावा भी किया गया है. इससे दर्शकों को लाइव म्यूजिक, इलेक्ट्रॉनिक बीट्स और भव्य लाइटिंग का अनुभव मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें- हाथरस की तस्वीर बदल सकती है गंग नहर, बाईपास और पर्यटन स्थल बनाने की उठी मांग
2 नवंबर से शुरू होगी टिकटों की बिक्री
अगर आप साल के अंत में गोवा घूमने और लाइव म्यूजिक का आनंद लेने की योजना बना रहे हैं, तो यह आयोजन आपके लिए खास हो सकता है. ‘HOME’ म्यूजिक फेस्टिवल के टिकटों की सामान्य बिक्री 2 नवंबर 2026 से शुरू होगी. फेस्टिवल की तारीखें 29 और 30 दिसंबर 2026 तय की गई हैं. टिकटों की कीमत, अलग-अलग पास और बुकिंग से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए आयोजकों की आधिकारिक घोषणा पर नजर रखनी होगी.
यह भी पढ़ें- GeM ने घटाया ट्रांजैक्शन शुल्क, MSME को सरकारी ऑर्डर पर मिलेगी बड़ी राहत


