Gujarat News: दिवाली से पहले गुजरात सरकार ने राज्य परिवहन निगम (GSRTC) के कर्मचारियों को खास तोहफा दिया है. राज्य के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने गुरुवार को गांधीनगर में 101 नई ST बसों का उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने परिवहन निगम के कर्मचारियों को दिवाली पर आधे महीने का वेतन एडवांस देने का ऐलान किया. सरकार के इस फैसले से ड्राइवरों, कंडक्टरों और वर्कशॉप कर्मचारियों को त्योहार के दौरान आर्थिक राहत मिलेगी.
कर्मचारियों को सम्मान देने के लिए किया खास ऐलान
उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस कार्यक्रम की जानकारी साझा की. उन्होंने कहा कि गुजरात की ST बस सेवाओं को सुचारू रूप से चलाने में कर्मचारियों की मेहनत और योगदान बेहद अहम है. सरकार का उद्देश्य दिवाली के अवसर पर इन कर्मचारियों का सम्मान करना और उन्हें सहयोग देना है.
कार्यक्रम के दौरान हर्ष संघवी ने परिवहन निगम के ड्राइवरों, कंडक्टरों और वर्कशॉप स्टाफ से मुलाकात की और उन्हें दिवाली की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने नई बसों को हरी झंडी दिखाने का अवसर भी कर्मचारियों को दिया. उनका कहना था कि ये कर्मचारी ही परिवहन बेड़े की असली पहचान और ताकत हैं.
गांधीनगर में 101 नई बसों की शुरुआत
गांधीनगर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 101 नई ST बसों को सेवा में शामिल किया गया. इस पहल से राज्य की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है. नई बसों के संचालन से यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी.
विकसित गुजरात 2047 पर CM भूपेंद्र पटेल का जोर
वहीं, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अहमदाबाद में आयोजित ‘विकसित गुजरात 2047: भविष्य के कार्यबल की तैयारी के लिए उच्च शिक्षा’ विषयक सेमिनार के समापन सत्र को संबोधित किया.
उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए उद्योगों और रोजगार के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना जरूरी है. इसके लिए युवाओं का कौशल विकास और भविष्य की जरूरतों के मुताबिक प्रतिभाशाली कार्यबल तैयार करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए.
गुजरात स्टेट इंस्टीट्यूशन फॉर ट्रांसफॉर्मेशन (GRIT) ने राज्य सरकार के उच्च शिक्षा विभाग के सहयोग से अहमदाबाद में इस एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया था.
मुख्यमंत्री ने विकसित गुजरात 2047 के रोडमैप का जिक्र करते हुए कहा कि युवाओं को बेहतर कौशल और उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें भविष्य की रोजगार जरूरतों के लिए तैयार करना होगा.
यह भी पढ़ें- सिंगापुर-दक्षिण कोरिया के दौरे से गुजरात को मिले 1,000 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव, सेमीकंडक्टर यूनिट लगाएगी कंपनी
यह भी पढ़ें- Ramayana Box Office: रणबीर कपूर की ‘रामायण’ ने पहले दिन दुनियाभर में कमाए 155 करोड़, SS राजामौली ने की जमकर तारीफ


