Gorakhpur Residential Township: गोरखपुर में औद्योगिक विकास के साथ अब आवासीय सुविधाओं का भी विस्तार होने जा रहा है. गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) क्षेत्र के ग्राम चकभोप स्थित सेक्टर-25 में 371 करोड़ रुपये की लागत से नई आवासीय टाउनशिप विकसित करने की योजना प्रस्तावित है. इसके तहत कुल 855 आवासीय भूखंड विकसित किए जाएंगे. इनमें 90 से लेकर 300 वर्गमीटर तक के प्लॉट शामिल होंगे. इस योजना से उद्यमियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों को अपने घर का सपना पूरा करने का अवसर मिल सकेगा.
90 से 300 वर्गमीटर तक के होंगे प्लॉट
सेक्टर-25 की आवासीय योजना में अलग-अलग जरूरतों और बजट को ध्यान में रखते हुए सात श्रेणियों में भूखंड निर्धारित किए गए हैं. इसमें सबसे बड़े 300 वर्गमीटर के 129 प्लॉट होंगे, जबकि सबसे छोटे 90 वर्गमीटर के 97 प्लॉट प्रस्तावित हैं.
- 300 वर्गमीटर के 129 भूखंड
- 250 वर्गमीटर के 89 भूखंड
- 200 वर्गमीटर के 157 भूखंड
- 180 वर्गमीटर के 103 भूखंड
- 150 वर्गमीटर के 118 भूखंड
- 120 वर्गमीटर के 162 भूखंड
- 90 वर्गमीटर के 97 भूखंड
इस तरह टाउनशिप में कुल 855 आवासीय भूखंड विकसित किए जाएंगे.
गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के पास होगी टाउनशिप
इस आवासीय योजना की सबसे बड़ी खासियत इसकी लोकेशन है. ग्राम चकभोप में प्रस्तावित सेक्टर-25 गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के बिल्कुल पास स्थित है. यह एक्सप्रेस-वे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से जुड़ता है. इससे यहां रहने वाले लोगों को गोरखपुर के अलावा प्रदेश के दूसरे प्रमुख शहरों तक आवागमन में सुविधा मिलेगी.
सड़क, नाली, पार्क और स्ट्रीट लाइट की मिलेगी सुविधा
गीडा की ओर से प्रस्तावित टाउनशिप को आधुनिक और व्यवस्थित आवासीय क्षेत्र के रूप में विकसित करने की तैयारी है. इसके लिए सड़क, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट और पार्क जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. योजना का उद्देश्य केवल प्लॉट उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि लोगों को बेहतर आवासीय वातावरण देना है.
दो चरणों में होगा 855 प्लॉट का आवंटन
योजना के तहत सभी 855 आवासीय भूखंडों का आवंटन दो चरणों में किया जाएगा. इससे अलग-अलग श्रेणियों के प्लॉट का आवंटन चरणबद्ध तरीके से किया जा सकेगा.
इसके अलावा गीडा क्षेत्र में स्थापित औद्योगिक इकाइयों, संस्थागत और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में काम करने वाले कर्मचारियों और मजदूरों के लिए किफायती दरों पर ईडब्ल्यूएस और एलआईजी श्रेणी के आवासीय भवन भी प्रस्तावित हैं.
उद्योगों के आसपास ही मिल सकेगा आवास
गीडा में लगातार नई औद्योगिक इकाइयां स्थापित हो रही हैं. इसके साथ ही उद्यमियों, कर्मचारियों और श्रमिकों के लिए आवास की मांग भी बढ़ रही है. फिलहाल कई कर्मचारियों को काम पर पहुंचने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से आना पड़ता है. सेक्टर-25 की आवासीय योजना से उद्योगों के आसपास ही रहने की सुविधा विकसित करने में मदद मिलेगी.
गीडा के एसीईओ रामप्रकाश के अनुसार, 371 करोड़ रुपये की यह परियोजना औद्योगिक विकास को आवासीय सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है.
यह भी पढ़ें- बदायूं में बनेगा पहला औद्योगिक गलियारा, 111 हेक्टेयर जमीन अधिगृहीत, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार
यह भी पढ़ें- नोएडा में बनेगा 610 मीटर लंबा फ्लाईओवर, 84 करोड़ होंगे खर्च, 2 लाख लोगों को मिलेगी राहत


