Bihar Electronics City: बिहार को औद्योगिक हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है. वैशाली जिले के राजापाकर में बेंगलुरु की तर्ज पर करीब 1100 एकड़ में इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी विकसित की जाएगी. यहां स्मार्टफोन, स्मार्ट टीवी, चिप, कंप्यूटर पार्ट्स और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों का निर्माण होगा. इस परियोजना में देश-विदेश की मल्टीनेशनल कंपनियों से करीब 30 हजार करोड़ रुपये का निवेश आने का अनुमान है. इससे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 1 लाख लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है.
21 नवंबर को पीएम मोदी कर सकते हैं शिलान्यास
बिहार में एनडीए सरकार के एक साल पूरे होने के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दौरा प्रस्तावित है. 21 नवंबर को पीएम मोदी वैशाली जिले के राजापाकर स्थित जाफरपट्टी में जनसभा कर सकते हैं. इस दौरान इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग पार्क और राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी, उद्यमिता एवं प्रबंधन संस्थान (NIFTEM) के निर्माण कार्य का शुभारंभ किए जाने की संभावना है.
1243 एकड़ में विकसित होगा बड़ा औद्योगिक कॉरिडोर
वैशाली जिले के राजापाकर, जंदाहा और महुआ प्रखंड क्षेत्रों में करीब 1243 एकड़ भूमि पर औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है. इसमें लगभग 1100 एकड़ में इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी और 100 एकड़ में निफ्टेम का निर्माण प्रस्तावित है. इस औद्योगिक परियोजना के लिए अब तक 485 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जा चुका है, जबकि शेष 748 एकड़ भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है.
इंफोसिस, विप्रो और टीसीएस जैसी कंपनियों को बुलाने की तैयारी
राजापाकर की इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी को बेंगलुरु के इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी की तर्ज पर विकसित करने की योजना है. इसके लिए उद्योग विभाग की टीम बेंगलुरु जाकर वहां के औद्योगिक मॉडल का अध्ययन कर चुकी है. योजना के तहत इंफोसिस, विप्रो, टीसीएस, एचसीएल, टेक महिंद्रा और बायोकॉन जैसी बड़ी कंपनियों को निवेश के लिए आमंत्रित किया जाएगा. इसके अलावा विदेशों में काम कर रहे प्रतिभाशाली युवाओं को भी इस औद्योगिक हब से जोड़ने की तैयारी है.
हाल ही में दक्षिण कोरिया की एक कंपनी के प्रतिनिधियों ने प्रस्तावित स्थल का दौरा भी किया है. इससे अंतरराष्ट्रीय कंपनियों की परियोजना में रुचि बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है.
मोबाइल से लेकर चिप तक बनेंगे, कंपनियों को मिलेगी प्लग एंड प्ले सुविधा
इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी में कंपनियों को जमीन के साथ प्लग एंड प्ले की सुविधा भी उपलब्ध कराने की योजना है. इसके तहत कंपनियों को पहले से तैयार बुनियादी ढांचा मिलेगा, जहां वे मशीनें स्थापित कर सीधे उत्पादन शुरू कर सकेंगी.
- स्मार्टफोन और मोबाइल एक्सेसरीज
- स्मार्ट टीवी और डिजिटल कैमरा
- सेमीकंडक्टर चिप और कंप्यूटर पार्ट्स
- एलईडी बल्ब और घरेलू इलेक्ट्रॉनिक्स
- स्मार्ट वॉच और मेडिकल इलेक्ट्रॉनिक्स
बिहार के युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के नए रास्ते
करीब 30 हजार करोड़ रुपये के संभावित निवेश से वैशाली इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी बिहार के औद्योगिक विकास को नई गति दे सकती है. परियोजना पूरी होने पर करीब 1 लाख लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने का अनुमान है. इससे बिहार के युवाओं को अपने राज्य में ही तकनीकी और औद्योगिक क्षेत्र में काम करने के अवसर मिल सकते हैं.


