Greater Aligarh Housing Scheme: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में अपना घर बनाने का सपना देख रहे लोगों का करीब तीन साल का इंतजार अब खत्म होने वाला है. ग्रेटर अलीगढ़ आवासीय योजना की लॉन्चिंग का रास्ता लगभग साफ हो गया है. योजना के पंजीकरण में आ रही रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (RERA) की आपत्तियों को दूर कर दिया गया है. अलीगढ़ विकास प्राधिकरण ने जरूरी दस्तावेजों के साथ संशोधित प्रस्ताव भी जमा कर दिया है. अब RERA से पंजीकरण संख्या जारी होने का इंतजार है. उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में नंबर मिल सकता है.
890 प्लॉट पर मिलेगा अपना घर बनाने का मौका
ग्रेटर अलीगढ़ आवासीय योजना के पहले चरण में सेक्टर-2 और सेक्टर-3 में करीब 165 एकड़ क्षेत्रफल में 890 आवासीय भूखंड विकसित किए जाएंगे. इन भूखंडों का आकार 72 से 450 वर्गमीटर तक प्रस्तावित है.
योजना में भूखंडों की कीमत 23 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर निर्धारित करने का प्रस्ताव है. पहले चरण में आवंटन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा. इसके बाद आगे की प्रक्रिया में भूखंडों की नीलामी का विकल्प भी अपनाया जा सकता है.
क्यों अटक गई थी योजना की लॉन्चिंग?
अलीगढ़ विकास प्राधिकरण की कोशिश थी कि ग्रेटर अलीगढ़ योजना को दीपावली से पहले लॉन्च कर दिया जाए, लेकिन RERA में पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण योजना में देरी हुई.
पंजीकरण के लिए भेजे गए प्रस्ताव पर RERA ने अलग-अलग बिंदुओं पर आपत्तियां लगाई थीं. इसके बाद ADA को कई बार संशोधित प्रस्ताव और जरूरी दस्तावेज जमा करने पड़े. अब सभी आपत्तियों का निस्तारण कर दिया गया है और फाइल अंतिम प्रक्रिया में पहुंच गई है.
ADA उपाध्यक्ष कुलदीप मीणा ने बताया कि योजना के पंजीकरण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है. जल्द ही पंजीकरण नंबर मिलने की उम्मीद है.
323 हेक्टेयर में विकसित होगी ग्रेटर अलीगढ़ योजना
खैर रोड पर ट्रांसपोर्ट नगर के सामने करीब 323 हेक्टेयर क्षेत्रफल में ग्रेटर अलीगढ़ आवासीय योजना विकसित करने की तैयारी है. इसके लिए सात गांवों के क्षेत्रों में जमीन चिह्नित की गई है.
- रुस्तमपुर अखन
- अहमदाबाद
- जतनपुर चिकावटी
- अटलपुर
- मूसेपुर
- जिरौली डोर
- ल्हौसरा विसावन
पूरी योजना को चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा. पहले चरण में करीब 70 हेक्टेयर क्षेत्र में आवासीय भूखंड विकसित करने की तैयारी है.
RERA नंबर मिलते ही शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
ग्रेटर अलीगढ़ योजना के लिए अब सबसे महत्वपूर्ण प्रक्रिया RERA पंजीकरण संख्या जारी होना है. नंबर मिलते ही ADA योजना की आधिकारिक लॉन्चिंग और आवेदन प्रक्रिया शुरू कर सकता है. ऐसे में पिछले तीन साल से आवासीय योजना का इंतजार कर रहे लोगों की निगाहें अब RERA के फैसले पर टिकी हैं. यदि निर्धारित प्रक्रिया जल्द पूरी होती है तो अलीगढ़ में लोगों को अपने घर का सपना पूरा करने का एक नया अवसर मिल सकता है.
यह भी पढ़ें- बिहार को मिलेगी बड़ी सौगात! PM मोदी करेंगे 6 लेन गंगा महासेतु का उद्घाटन, पटना से वैशाली का सफर होगा 25 मिनट में
यह भी पढ़ें- बरेली-मथुरा हाईवे का काम सुस्त, 265 KM में अब तक सिर्फ 40% निर्माण पूरा, सफर में लगेंगे 3-4 घंटे


