दिल्ली के रघुबीर नगर इलाके में शनिवार दोपहर एक घर में आग लगने से दर्दनाक हादसा हो गया. आग की चपेट में आने से 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उनकी बहू गंभीर रूप से झुलस गई. महिला का बेटा भी आग की चपेट में आया, लेकिन इलाज के बाद उसकी हालत स्थिर होने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.
पुलिस के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब 12:05 बजे ख्याला थाने को रघुबीर नगर में बी-2 स्कूल के पास एक रिहायशी इमारत में आग लगने की सूचना मिली थी. कॉल में बताया गया था कि घर के अंदर कुछ लोग फंसे हुए हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया.
कमरे में फंसी थी महिला, दीवार तोड़कर निकाला गया
जांच में पता चला कि आग टैक्सी चालक धर्मेंद्र के घर में लगी थी. हादसे के वक्त घर में उनकी पत्नी सुनीता (55), बेटा ध्रुव (21) और बहू नीति (21) मौजूद थे. स्थानीय लोगों और परिवार के सदस्यों ने ध्रुव और नीति को पहले ही गुरु गोबिंद सिंह (GGS) अस्पताल पहुंचा दिया था.
हालांकि, सुनीता घर के एक कमरे में फंसी हुई थीं. पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से हथौड़े से पास की दीवार तोड़ी और उन्हें बाहर निकाला. इसके बाद ERV स्टाफ ने उन्हें तुरंत GGS अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
बहू की हालत गंभीर, बेटे को अस्पताल से मिली छुट्टी
घटना के बाद दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया. CATS एंबुलेंस भी घटनास्थल पर पहुंची थीं. पुलिस के अनुसार, ध्रुव का इलाज करने के बाद उसकी हालत स्थिर होने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. वहीं, नीति की गंभीर हालत को देखते हुए उसे आगे के इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया.
मृतक सुनीता के शव को सुरक्षित रखने के लिए दीन दयाल उपाध्याय (DDU) अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया है.
बेटे ने कहा- आग कैसे लगी, पता नहीं चला
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में ध्रुव ने बताया कि उसे आग लगने की वजह की जानकारी नहीं है. उसके मुताबिक, आग तेजी से फैल गई थी. पत्नी के चिल्लाने की आवाज सुनकर वह बालकनी से उसे बचाने के लिए दौड़ा, लेकिन आग और तेज गर्मी के कारण अपनी मां तक नहीं पहुंच सका. सुनीता कमरे में ही फंसी रह गईं.
फॉरेंसिक और इलेक्ट्रिकल जांच से पता चलेगा आग का कारण
पुलिस ने घटनास्थल की जांच के लिए क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को सूचना दी है. मौके से साक्ष्य जुटाए जाएंगे. फिलहाल आग लगने का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं है. इसकी फॉरेंसिक और इलेक्ट्रिकल जांच कराई जाएगी. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें- दिलजीत दोसांझ के अहमदाबाद कॉन्सर्ट से पहले विवाद, 4 गानों पर रोक लगाने की मांग, 2000 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा
यह भी पढ़ें- Udhampur News: सर्दियों में मूंगफली की मांग बढ़ी, 250 रुपये किलो तक पहुंचे दाम


