नई दिल्ली: गोवा में जमीन, रोजगार और स्थानीय संस्कृति को बचाने की मांग को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. Cockroach Janta Party (CJP) ने अपने ‘Kya Bolti Public’ अभियान के जरिए राज्य के लोगों से जुड़े मुद्दों को उठाया है. रविवार को आयोजित इस कार्यक्रम में पार्टी के कार्यकर्ता अभिजीत दिपके, सौरभ दास, आशुतोष रांका और अजिंक्य शिंदे शामिल हुए. इस दौरान नेताओं ने गोवा में जमीन के अधिकार, युवाओं के लिए रोजगार और राज्य की सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखने का मुद्दा उठाया. साथ ही सरकार से धारा 39A को खत्म करने की मांग भी की.
‘गोवा के जंगल और जमीन किसे दे दी?’, सीएम सावंत से पूछा सवाल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए CJP कार्यकर्ता अभिजीत दिपके ने गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत की उन टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया दी, जिनमें कथित तौर पर CJP के विरोध प्रदर्शनों में बाहरी लोगों की मौजूदगी पर सवाल उठाए गए थे.
दिपके ने कहा कि किसी अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने वाले व्यक्ति को बाहरी नहीं कहा जा सकता. उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि अगर प्रदर्शन में शामिल होने वाले लोगों को बाहरी बताया जा रहा है, तो गोवा के जंगल और करापुर की जमीन आखिर किसे दी गई?
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की जमीन बिल्डरों और सरकार के करीबी लोगों को दी जा रही है. दिपके ने कहा कि CJP के आंदोलन में शामिल लोग भारतीय हैं और किसी के खिलाफ अन्याय देखकर आवाज उठाना ही आंदोलन की असली भावना है.
धारा 39A खत्म करने की मांग, बोले- गोवावासियों के घरों पर पड़ सकता है असर
अभिजीत दिपके ने अपने संबोधन में धारा 39A का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया. उन्होंने मांग की कि इस प्रावधान को खत्म किया जाना चाहिए. उनका आरोप था कि इसके बने रहने से गोवा के स्थानीय लोगों के लिए अपने ही राज्य में घर हासिल करना मुश्किल हो सकता है.
उन्होंने कहा कि गोवा की जमीन और घरों पर सबसे पहला अधिकार वहां के लोगों की चिंताओं और जरूरतों को ध्यान में रखकर सुरक्षित किया जाना चाहिए.
70-80 साल की महिला को पहाड़ी पर जाने से रोका, बिल्डरों पर लगाए आरोप
दिपके ने करापुर की एक बुजुर्ग महिला का जिक्र करते हुए जमीन से जुड़े विवाद की एक घटना भी सुनाई. उनके मुताबिक, करीब 70-80 साल की महिला पहले एक पहाड़ी पर जाकर फल इकट्ठा करती थीं और उन्हें बेचकर अपना गुजारा करती थीं.
लेकिन अब उसी पहाड़ी पर टाउनशिप परियोजना का काम चल रहा है. दिपके का आरोप है कि जब महिला वहां पहुंचीं तो सुरक्षा गार्डों ने उन्हें चोर कहकर संबोधित किया.
उन्होंने सवाल उठाया कि जिस जमीन पर स्थानीय लोग वर्षों से जाते रहे हैं, वहां अब उन्हीं लोगों को संदिग्ध क्यों माना जा रहा है? दिपके ने मंत्रियों और बिल्डरों पर ग्रामीणों की जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि स्थानीय लोगों के अधिकारों की रक्षा होनी चाहिए.
युवाओं को हर साल चाहिए एक करोड़ नौकरियां: सौरभ दास
कार्यक्रम में CJP कार्यकर्ता सौरभ दास ने देश में रोजगार की स्थिति और युवाओं की परेशानियों का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था युवाओं की बढ़ती आकांक्षाओं के अनुरूप रोजगार के अवसर पैदा नहीं कर पा रही है.
दास के मुताबिक, देश में हर साल करीब एक करोड़ नौकरियां पैदा करने की जरूरत है, ताकि रोजगार की तलाश में निकलने वाले युवाओं को काम मिल सके. उन्होंने पहले किए गए दो करोड़ नौकरियों के वादे पर भी सवाल उठाते हुए पूछा कि युवाओं को वे नौकरियां कहां मिलीं?
उन्होंने कहा कि रोजगार के अवसरों की कमी के कारण युवाओं में निराशा और गुस्सा बढ़ रहा है. ऐसे में उनकी आवाज को केवल कानून-व्यवस्था का मुद्दा मानने के बजाय उनकी समस्याओं को समझने की जरूरत है.
युवाओं को जोड़ने के लिए शुरू हुआ ‘Cockroach Club’
सौरभ दास ने कार्यक्रम में ‘Cockroach Club’ की शुरुआत का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि इस मंच का उद्देश्य युवाओं, समर्थकों और अलग-अलग विचार रखने वाले लोगों को एक साथ लाना है, ताकि वे देश के भविष्य, राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर चर्चा कर सकें.
उन्होंने बताया कि पुणे में इसका पहला क्लब शुरू किया गया है और जल्द ही गोवा में भी ऐसा मंच बनाने की योजना है.
दास ने कहा कि देश को ऐसी राजनीति की जरूरत है, जो लोगों के वास्तविक अनुभवों और समस्याओं पर आधारित हो. असहमति को कानून-व्यवस्था की समस्या मानने के बजाय लोकतांत्रिक व्यवस्था में उसका सम्मान किया जाना चाहिए.
जल, जंगल और जमीन की लड़ाई गोवा से आगे बढ़ेगी
CJP कार्यकर्ता आशुतोष रांका ने गोवा के लोगों से प्राकृतिक संसाधनों और जमीन की रक्षा के लिए आगे आने की अपील की. उन्होंने कहा कि गोवा भले ही देश का सबसे छोटा राज्य हो, लेकिन जल, जंगल और जमीन की लड़ाई का नेतृत्व यहां के लोग कर सकते हैं.
रांका ने कहा कि गोवा की समस्याएं सिर्फ एक राज्य तक सीमित नहीं हैं. देश के दूसरे हिस्सों में रहने वाले लोग भी अपनी सांस्कृतिक पहचान और प्राकृतिक संसाधनों को लेकर चिंतित हैं.
उन्होंने कहा कि भारत की असली खूबसूरती उसकी विविधता में है. हर राज्य की अपनी भाषा, खानपान और संस्कृति है. किसी एक तरह की भाषा, खानपान या संस्कृति को सभी पर थोपना देश की विविधता के खिलाफ होगा.
भारत का भविष्य युवा तय करेंगे
अपने संबोधन के आखिर में आशुतोष रांका ने कहा कि देश का भविष्य युवा पीढ़ी तय करेगी. उन्होंने जोर देकर कहा कि गोवा के लोगों को अपनी समस्याओं और मांगों को खुद सामने रखना चाहिए.
रांका के मुताबिक, ‘Kya Bolti Public’ अभियान का मकसद स्थानीय लोगों को ऐसा मंच देना है, जहां वे खुलकर अपनी बात रख सकें और कार्यकर्ता उनकी समस्याओं को सुन सकें.
यह भी पढ़ें- कानपुर वालों को जाम से मिलेगी मुक्ति! 5800 करोड़ से बन रही 94 KM की रिंग रोड, 70% तक घटेगा ट्रैफिक का दबाव
यह भी पढ़ें- असम में सजेगा रंगमंच का बड़ा मंच, रघुबीर यादव के ‘पियानो’ से होगा 32वें नेशनल रंगघर थिएटर फेस्टिवल का समापन


