कोलकाता: पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की तैयारी तेज हो गई है. मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सोमवार को ऐलान किया कि अब अंग्रेजी में भी राज्य का नाम ‘West Bengal’ की जगह ‘Paschim Banga’ होगा. राज्य कैबिनेट ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. अब 9 दिसंबर को विधानसभा में इस संबंध में प्रस्ताव पेश किया जाएगा. विधानसभा से मंजूरी मिलने के बाद इसे केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा, जहां आगे संसदीय प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
सोमवार को कोलकाता स्थित राज्य सचिवालय में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक हुई. इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि राज्य का नाम बदलने का फैसला 1947 में बंगाल के विभाजन और पश्चिम बंगाल के गठन से जुड़े ऐतिहासिक संदर्भों को ध्यान में रखकर लिया गया है.
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अंग्रेजी में भी नाम ‘Paschim Banga’ ही लिखा जाएगा. उन्होंने कहा कि कैबिनेट ने प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है और 9 दिसंबर को विधानसभा में प्रस्ताव लाया जाएगा. इसके बाद इसे केंद्र सरकार और संसद की प्रक्रिया के लिए भेजा जाएगा.
पहले भी कई बार उठ चुकी है नाम बदलने की मांग
पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की चर्चा नई नहीं है. पिछले एक दशक से अधिक समय से इस पर राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर प्रयास होते रहे हैं.
साल 2011 में राज्य का नाम ‘Paschim Banga’ या ‘Paschim Bango’ रखने का प्रस्ताव सामने आया था, लेकिन केंद्र सरकार से इसे मंजूरी नहीं मिली. इसके बाद 2016 से 2018 के बीच तत्कालीन तृणमूल कांग्रेस सरकार ने राज्य का नाम ‘Bangla’ रखने की पहल की थी. जुलाई 2018 में विधानसभा ने इस संबंध में प्रस्ताव भी पारित किया था, लेकिन केंद्र की मंजूरी नहीं मिल सकी.
संविधान के अनुच्छेद 3 के तहत किसी राज्य का नाम बदलने के लिए संसद द्वारा कानून पारित करना जरूरी है. ऐसे में विधानसभा से प्रस्ताव पारित होने के बाद भी अंतिम फैसला केंद्र और संसद की संवैधानिक प्रक्रिया के जरिए ही होगा.
10,146 पदों पर होगी भर्ती, बेरोजगारों की परीक्षा फीस माफ
कैबिनेट बैठक में राज्य के युवाओं और रोजगार से जुड़े कई बड़े फैसले भी लिए गए. सरकार ने विभिन्न विभागों में कुल 10,146 पदों पर भर्ती को मंजूरी दी है. यह फैसला राज्य में एक लाख भर्तियां करने के व्यापक लक्ष्य का हिस्सा बताया गया है.
इसके अलावा सरकारी भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने वाले बेरोजगार अभ्यर्थियों की परीक्षा फीस माफ करने का ऐलान किया गया है. अब इन परीक्षाओं के लिए आवेदन करने वाले बेरोजगार उम्मीदवारों से परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा. सरकार का कहना है कि इससे आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने में मदद मिलेगी.
गौशालाओं को मिलेगी एक लाख रुपये की सहायता
कैबिनेट ने गोकुल मिशन के तहत गौशालाओं को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का भी फैसला किया है. इस पहल का उद्देश्य गौशालाओं को आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना और उनसे जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देना है.
4 दिसंबर से शुरू होगा विधानसभा का शीतकालीन सत्र
पश्चिम बंगाल विधानसभा का शीतकालीन सत्र 4 दिसंबर से शुरू होगा. इस सत्र के दौरान सरकार की ओर से आठ विधेयक पेश किए जाने की तैयारी है. ऐसे में दिसंबर का विधानसभा सत्र राज्य के लिए राजनीतिक और प्रशासनिक लिहाज से महत्वपूर्ण रहने वाला है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR में प्रदूषण पर CAQM सख्त, 2027 में 20% कमी का लक्ष्य, अधिकारियों की तय होगी जवाबदेही
यह भी पढ़ें- अयोध्या से नेपाल के जनकपुर धाम तक चलेगी सरयू-कमला एक्सप्रेस, PM मोदी और बालेंद्र शाह ने दिखाई हरी झंडी


