Aaj Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और हीटवेव के बीच अब मौसम तेजी से करवट लेता दिखाई दे रहा है. एक तरफ उत्तर भारत के कई राज्यों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है, वहीं दूसरी तरफ दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता बढ़ने से कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है.
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश और जम्मू-कश्मीर समेत 19 राज्यों में तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार कई इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
जहां सांस लेना मुश्किल, वहां BSF की बेटियों ने गाया ‘वंदे मातरम’ और रचा इतिहास
मानसून ने पकड़ी रफ्तार, कई इलाकों में बढ़ी सक्रियता
IMD के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून 23 मई 2026 को आगे बढ़ चुका है. मानसून ने दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर, कोमोरिन क्षेत्र, बंगाल की खाड़ी के बड़े हिस्सों और अंडमान सागर के अधिकांश इलाकों को कवर कर लिया है.
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 3 से 4 दिनों के दौरान मानसून के और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं. इसका असर दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में साफ दिखाई देने लगा है. केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है.
दिल्ली में लू के साथ बारिश का भी अलर्ट
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में फिलहाल भीषण गर्मी का दौर जारी है. मौसम विभाग ने 24 से 26 मई तक दिल्ली में लू का अलर्ट जारी किया है. 24 मई को राजधानी में मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन कई इलाकों में लू चल सकती है. इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. वहीं 25 मई को मौसम बदल सकता है. गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और धूल भरी आंधी चलने की संभावना जताई गई है. 26 मई को भी गर्म हवाओं का असर बना रह सकता है.
उत्तर प्रदेश में 29 मई तक लू और तेज हवाओं का असर
उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने 24 से 29 मई तक लू चलने की चेतावनी जारी की है. पश्चिमी यूपी के मेरठ, शामली, बुलंदशहर और सहारनपुर समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ आंधी और बारिश होने की संभावना जताई गई है. वहीं पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, मेरठ, नोएडा, आगरा, गोरखपुर, वाराणसी और झांसी जैसे शहरों में गर्मी के साथ तेज हवाएं और कुछ इलाकों में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है.
बिहार में उमस और बारिश से बदलेगा मौसम
बिहार में अगले कुछ दिनों तक मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल सकता है. पटना, गया, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, भागलपुर, दरभंगा और राजगीर में उमस भरा मौसम रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने 24, 28 और 29 मई को कई जिलों में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. 24 मई को तेज आंधी चल सकती है, जबकि 25 और 26 मई को कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है. इससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है.
पंजाब और हरियाणा में गर्मी के बीच बारिश की उम्मीद
पंजाब और हरियाणा में इन दिनों भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं. मौसम विभाग ने 24 से 29 मई तक लू चलने का अलर्ट जारी किया है. हालांकि 28 और 29 मई को कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है. चंडीगढ़, अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, मोहाली और जालंधर में गर्म हवाओं के साथ धूल भरी आंधी भी चल सकती है.
हिमाचल प्रदेश में बारिश और ओलावृष्टि के आसार
पहाड़ी राज्यों में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है. हिमाचल प्रदेश के शिमला, मनाली, धर्मशाला, मंडी, हमीरपुर और चंबा में 29 मई तक तेज हवाओं और बारिश की संभावना बनी हुई है. मौसम विभाग के अनुसार कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और हल्की ओलावृष्टि भी हो सकती है. इससे तापमान में गिरावट आने और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
उत्तराखंड में बदलेगा मौसम, ओलावृष्टि की चेतावनी
उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और हरिद्वार में मौसम बदलने के संकेत मिले हैं. 24 और 25 मई को राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इस दौरान तेज हवाएं चलने और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि होने की भी संभावना जताई गई है.
झारखंड में बारिश और आंधी का अलर्ट
झारखंड में भी मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है. रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, देवघर और पाकुड़ में 24 और 25 मई को तेज आंधी चल सकती है. वहीं 26 से 29 मई के बीच राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है. इससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है.
जम्मू-कश्मीर में भी बदलेगा मौसम
जम्मू-कश्मीर में भी मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है. श्रीनगर, जम्मू, पहलगाम, बारामूला, अनंतनाग और कठुआ में 24 और 25 मई को गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है. IMD के अनुसार इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे तापमान में गिरावट महसूस होगी.
घूमना, खाना और शॉपिंग… मुरादाबाद की ये 5 जगहें बना देंगी ट्रिप यादगार
अगले कुछ दिनों में राहत और चुनौती दोनों
देशभर में एक तरफ मानसून की सक्रियता बढ़ रही है तो दूसरी तरफ हीटवेव अभी भी कई राज्यों में लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है. मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है. आने वाले दिनों में कई राज्यों में बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन तेज हवाएं और आंधी भी परेशानी बढ़ा सकती हैं.
aa

