Aaj Ka Mausam: देशभर में भीषण गर्मी और लू के प्रकोप के बीच मौसम विभाग ने अब बड़ा अलर्ट जारी किया है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक 29 मई को उत्तर भारत से लेकर पूर्वी और दक्षिणी राज्यों तक मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. यूपी, दिल्ली, बिहार, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा समेत 15 राज्यों में तेज बारिश, आंधी-तूफान, वज्रपात और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. कई इलाकों में हवा की रफ्तार 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान बेहद सतर्क रहने की सलाह दी है. किसानों और मछुआरों के लिए विशेष चेतावनी जारी की गई है. विभाग ने कहा है कि तेज आंधी और बिजली गिरने की घटनाओं के कारण नुकसान की आशंका बनी हुई है. कई स्थानों पर पेड़ उखड़ सकते हैं और बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हो सकती है.
मौसम बदलने की क्या है वजह?
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी तमिलनाडु तट और आसपास के क्षेत्रों में मध्य क्षोभमंडलीय स्तरों पर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है. इसके अलावा उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश से दक्षिणी तटीय ओडिशा तक निचले स्तरों पर एक गर्त रेखा बनी हुई है. इसी सिस्टम के प्रभाव से उत्तर, पूर्व और मध्य भारत के कई राज्यों में मौसम तेजी से बदलने वाला है.
15 राज्यों में भारी बारिश और तूफान का अलर्ट
आईएमडी के मुताबिक यूपी, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, केरल और असम में भारी बारिश और तेज तूफान की चेतावनी जारी की गई है. कई क्षेत्रों में 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. पूर्वी भारत के राज्यों में वज्रपात और बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है.
दिल्ली में 29 मई का मौसम
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 29 मई को मौसम पूरी तरह बदला हुआ नजर आएगा. मौसम विभाग ने भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
यूपी में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में 29 से 31 मई तक मौसम काफी खराब रह सकता है. सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, ज्योतिबाफुले नगर, बुलंदशहर, रामपुर, सीतापुर, अलीगढ़, कानपुर, बहराइच, हमीरपुर, बांदा, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर, बस्ती, अयोध्या, झांसी और ललितपुर में भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की गई है.
मौसम विभाग के मुताबिक कई जिलों में 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं राजधानी लखनऊ में 29 मई को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
बिहार में बारिश और तूफान की चेतावनी
बिहार में 29 और 30 मई को कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. पटना, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, सिवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, भागलपुर, मुंगेर, खगड़िया और बेगूसराय में तेज बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया गया है.
इन इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है. पटना में 29 मई को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
झारखंड में भी मौसम खराब रहेगा
झारखंड के रांची, पलामू, चतरा, सरायकेला, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, लातेहार, पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, दुमका, साहेबगंज, धनबाद और हजारीबाग में भारी बारिश और तूफान की चेतावनी जारी की गई है. इन जिलों में 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. रांची में 29 मई को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
उत्तराखंड और हिमाचल में बारिश-ओलों का अलर्ट
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, नैनीताल, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर और टिहरी गढ़वाल में बारिश, ओलावृष्टि और तेज तूफान की संभावना है. यहां हवा की गति 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. देहरादून में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
वहीं हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू, मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, सोलन, चंबा, सिरमौर और ऊना में भी तेज बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. मनाली में अधिकतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
जम्मू-कश्मीर और पंजाब में येलो अलर्ट
जम्मू-कश्मीर के किश्तवार, उधमपुर, अनंतनाग, कठुआ, राजौरी, पुंछ, बडगाम, कुपवाड़ा और डोडा में बारिश और तेज आंधी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. श्रीनगर में अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
पंजाब के पठानकोट, गुरदासपुर, तरनतारन, लुधियाना, फिरोजपुर, मोगा, अमृतसर, कपूरथला, संगरूर, पटियाला और रूपनगर में भी भारी बारिश और तूफान की चेतावनी जारी की गई है. यहां 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
राजस्थान, मध्य प्रदेश और असम में भी असर
राजस्थान के करौली, अलवर, बीकानेर, चुरू, सीकर, झुंझुनू, भरतपुर, जयपुर, टोंक और सवाई माधोपुर में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. जयपुर में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
मध्य प्रदेश के मुरैना, दतिया, छतरपुर, टीकमगढ़, सिवनी, छिंदवाड़ा, मंडला, बालाघाट, रीवा, सीधी, गुना और अशोक नगर में भी तेज बारिश और तूफान की चेतावनी है. भोपाल में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. असम के कोकराझार, बारपेटा, धुबरी, कछाड़, बोंगाईगांव, चिरांग, गोलाघाट और होजाई में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. यहां 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
सिर्फ सैलरी नहीं! बेटी के लिए लड़का चुनते समय माता-पिता इन 7 बातों पर जरूर दें ध्यान
लोगों के लिए जरूरी सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान घरों में सुरक्षित रहें. बिजली चमकने के समय खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें. किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम करने की सलाह दी गई है, जबकि मछुआरों को समुद्र और नदी क्षेत्रों में न जाने की चेतावनी दी गई है.


