Aaj Ka Mausam 14 March 2026: देशभर में बढ़ते तापमान और गर्मी के बीच मौसम अब करवट लेने वाला है. पिछले कुछ दिनों से कई राज्यों में तापमान तेजी से बढ़ रहा था और कई जगह पारा 35 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था. इसी बीच मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार 15 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसका असर उत्तर भारत सहित देश के कई हिस्सों में देखने को मिलेगा.
मौसम विभाग के मुताबिक इस सिस्टम के प्रभाव से उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब में बादल छाने लगेंगे. कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ धूलभरी आंधी चल सकती है और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी जताया गया है.
कॉल नहीं लग रही? टेंशन छोड़िए! अब WhatsApp, SMS और ऐप से मिनटों में बुक करें गैस सिलेंडर
उत्तर भारत में मौसम का बदलेगा मिजाज
मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर भारत के मौसम में बड़ा बदलाव आएगा. तेज गर्मी से जूझ रहे लोगों को अगले कुछ दिनों में राहत मिल सकती है. बादल छाने और बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी.
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार यह बदलाव कुछ दिनों तक बना रह सकता है. हालांकि कुछ क्षेत्रों में तेज हवाओं और आंधी के कारण लोगों को सतर्क रहने की भी सलाह दी गई है.
यूपी में आंधी-बारिश के संकेत
उत्तर प्रदेश में भी मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 15 मार्च से राज्य के कई जिलों में बादल छाने लगेंगे और मेघ गर्जन के साथ आंधी और बारिश हो सकती है.
अगले तीन दिनों तक नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत और मेरठ सहित कई जिलों में मौसम बदला हुआ रहेगा.
इसके अलावा शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, सिद्धार्थनगर, गोंडा, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर और महाराजगंज में भी रविवार और सोमवार को बादल छाए रहने और बारिश की संभावना जताई गई है. इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
दिल्ली-एनसीआर में भी बदलेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में भी मौसम धीरे-धीरे बदलता दिखाई दे रहा है. राजधानी में बादलों की आवाजाही शुरू हो चुकी है. मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखाई देने लगेगा.
15 मार्च से दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और गाजियाबाद में आंधी और हल्की बारिश की संभावना है. रविवार की सुबह से दोपहर के बीच बूंदाबांदी हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और गर्मी से राहत मिलेगी.
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार तक न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. वहीं, बारिश और हवाओं के कारण प्रदूषण में भी कमी आने की संभावना जताई गई है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार फिलहाल एक्यूआई 150 से नीचे है, जो मध्यम श्रेणी में आता है.
राजस्थान में भी बारिश का अलर्ट
राजस्थान में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखाई देगा. मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं.
14 मार्च को श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ इलाकों में बादल गरजने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है.
15 मार्च को जयपुर, भरतपुर संभाग, अजमेर और शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना है. इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि का खतरा भी बना रहेगा.
इसके अलावा 19 से 21 मार्च के बीच एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके कारण कई स्थानों पर आंधी और बारिश हो सकती है. फिलहाल राज्य में बाड़मेर सबसे गर्म स्थान बना हुआ है, जहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.
बिहार में भी बदल सकता है मौसम
बिहार में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. पिछले कुछ दिनों से राज्य के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही जारी है, जिससे तापमान में मामूली कमी दर्ज की गई है.
मौसम विभाग के अनुसार 15 से 18 मार्च के बीच राज्य के कुछ जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और छिटपुट बारिश होने की संभावना है.
इस दौरान आकाशीय बिजली कड़कने की आशंका भी जताई गई है, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. बिहार में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहने का अनुमान है.
पंजाब और हरियाणा में भी बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार पंजाब और हरियाणा में भी अगले कुछ घंटों में मौसम पूरी तरह बदल सकता है. 15 मार्च से दोनों राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है.
पंजाब के अमृतसर, पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर, कपूरथला, जालंधर, गुरदासपुर, पटियाला और मोहाली सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
हरियाणा के पानीपत, हिसार, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पंचकूला, भिवानी, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी आंधी और बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार यह गतिविधियां अगले तीन दिनों तक रुक-रुक कर जारी रह सकती हैं.
उत्तराखंड में येलो अलर्ट जारी
उत्तराखंड में भी मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा. मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मेघ गर्जन के साथ आंधी और बारिश हो सकती है. कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और ओलावृष्टि होने की संभावना है. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है, जिससे ठंडक बढ़ेगी.
हिमाचल और कश्मीर में बर्फबारी के संकेत
हिमाचल प्रदेश में भी 15 और 16 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ के तीव्र होने की संभावना है. इसके प्रभाव से कई जिलों में बारिश और आंधी-तूफान देखने को मिल सकता है. हमीरपुर, ऊना, बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, मंडी और शिमला में तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है. वहीं लाहौल-स्पीति, केलांग और कुंजम जैसे ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है. कश्मीर घाटी में भी पर्वतीय इलाकों में बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई गई है.
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भी बारिश
पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भी मौसम सक्रिय बना हुआ है. मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले 24 घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. यहां गरज के साथ मध्यम स्तर की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं स्काईमेट के अनुसार अगले 3 से 4 दिनों तक पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं.
एक दुल्हन, दो दूल्हे! थाईलैंड में प्यार की अनोखी मिसाल बनी यह शादी, इंटरनेट पर मचाया तहलका
तमिलनाडु में भी बदलेगा मौसम
तमिलनाडु में भी अगले दो दिनों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार रामनाथपुरम और थूथुकुडी जिलों में रविवार को हल्की बारिश हो सकती है. हालांकि राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. चेन्नई में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है और तापमान 25 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.
गर्मी से मिल सकती है राहत
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से देश के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी. इससे लोगों को भीषण गर्मी से अस्थायी राहत मिल सकती है. तेज हवाओं, आंधी, बिजली और ओलावृष्टि के कारण लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग लगातार अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दे रहा है.


