Amrit Bharat Express: पूर्वांचल और गुजरात के बीच रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ी सौगात मिलने वाली है. गोरखपुर होते हुए गांधीधाम (गुजरात) से भागलपुर तक नई अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने की तैयारी है. रेलवे बोर्ड ने इसके लिए सहमति जता दी है. वर्तमान में गोरखपुर से गुजरात के लिए एक ही सीधी ट्रेन संचालित हो रही है. नई अमृत भारत शुरू होने के बाद यात्रियों को गुजरात जाने के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेगा.
रक्षाबंधन पर यात्रियों को बड़ी राहत, दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर चलेंगी 47 अतिरिक्त ट्रेनें
भागलपुर से वाराणसी होते हुए गांधीधाम तक चल रही स्पेशल ट्रेन को जल्द ही नियमित अमृत भारत एक्सप्रेस में बदले जाने की तैयारी है. नियमित सेवा शुरू होने के बाद इसका मार्ग वाराणसी के बजाय गोरखपुर होते हुए गांधीधाम किया जाएगा. 22 कोच वाली इस ट्रेन से एक बार में करीब 1600 से अधिक यात्री सफर कर सकेंगे.
गोरखपुर से दिल्ली-मुंबई के लिए भी मिल चुकी मंजूरी
रेलवे बोर्ड गोरखपुर से दिल्ली और मुंबई (बांद्रा) के लिए अमृत भारत ट्रेनों को पहले ही मंजूरी दे चुका है. इसके अलावा बिहार से चलकर गोरखपुर के रास्ते वर्तमान में चार अमृत भारत ट्रेनों का संचालन हो रहा है. इनमें लखनऊ के रास्ते आनंद विहार से दरभंगा जाने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस भी शामिल है. रेलवे भविष्य में देशभर में 24 और अमृत भारत ट्रेनें पटरी पर उतारने की तैयारी कर रहा है. अधिकारियों के मुताबिक इनमें से तीन ट्रेनें लखनऊ के रास्ते संचालित की जाएंगी.
चर्लपल्ली के लिए 4 अक्टूबर से शुरू होगी सेवा
गोरखपुर से चर्लपल्ली (हैदराबाद) के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस को भी मंजूरी मिल चुकी है. पूर्वोत्तर रेलवे ने ट्रेन के संचालन की अधिसूचना जारी कर दी है. सीपीआरओ सुमित कुमार के मुताबिक, 22075/22076 चर्लपल्ली-गोरखपुर-चर्लपल्ली अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस का संचालन किया जाएगा. चर्लपल्ली से ट्रेन 2 अक्टूबर से प्रत्येक शुक्रवार और गोरखपुर से 4 अक्टूबर से प्रत्येक रविवार को चलेगी.
22075 चर्लपल्ली-गोरखपुर अमृत भारत एक्सप्रेस चर्लपल्ली से रात 9:45 बजे रवाना होकर तीसरे दिन सुबह 6:25 बजे गोरखपुर पहुंचेगी. वहीं वापसी में 22076 गोरखपुर-चर्लपल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार को सुबह 8:30 बजे गोरखपुर से रवाना होकर दूसरे दिन शाम 5 बजे चर्लपल्ली पहुंचेगी.
130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी ट्रेन
नई अमृत भारत एक्सप्रेस की अधिकतम रफ्तार 130 किलोमीटर प्रति घंटा होगी. ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे. यात्रियों की सुविधा के लिए वैक्यूम बायो-टॉयलेट, आरामदायक सीटें और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी.
बिना एसी वाली ट्रेन में सुरक्षा का भी ध्यान
अमृत भारत एक्सप्रेस को खासतौर पर आम यात्रियों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. ट्रेन में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे. इसके अलावा टॉक-बैक सिस्टम की सुविधा होगी, जिसके जरिए यात्री आपात स्थिति में सीधे लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर से संपर्क कर सकेंगे.
उत्तराखंड: हल्द्वानी में गोबर से बनेगा बायो ईंधन, नगर निगम ने शुरू की मशीन
फैक्ट फाइल
- रूट: गांधीधाम–गोरखपुर–भागलपुर
- क्षमता: 1600 से अधिक यात्री
- कोच: 22
- वर्तमान स्थिति: गोरखपुर से गुजरात के लिए एक सीधी ट्रेन
- अन्य मंजूरियां: गोरखपुर–दिल्ली और गोरखपुर–मुंबई (बांद्रा) अमृत भारत
- नई सेवा: गोरखपुर–चर्लपल्ली अमृत भारत भी जल्द शुरू होगी


