Ayodhya News: अयोध्या स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में विज्ञान संकाय की शिक्षण और शोध व्यवस्था को और बेहतर बनाने को लेकर कुलपति कर्नल डॉ. बिजेंद्र सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. अर्थशास्त्र एवं ग्रामीण विकास विभाग के सेमिनार हॉल में हुई बैठक में विज्ञान संकाय के संकायाध्यक्ष सहित सभी नियमित और संविदा शिक्षक शामिल हुए.
गर्भवती महिलाओं के लिए AIIA की नई पहल, शुरू हुआ ‘Garbhini Mitra’ Course, 31 अगस्त तक आवेदन
बैठक में नियमित कक्षाओं के संचालन, शोध कार्यों की प्रगति और शैक्षणिक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. कुलपति ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा और नवाचार आधारित शोध विश्वविद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में हैं. उन्होंने शिक्षकों से कक्षाओं और प्रयोगशालाओं को अधिक प्रभावी एवं जीवंत बनाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ प्रायोगिक दक्षता में भी बेहतर बनाना जरूरी है, ताकि वे अपनी क्षमता का पूरा विकास कर सकें.
बीएससी कक्षाओं के लिए समन्वयक नियुक्त
शिक्षण व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए बीएससी के प्रत्येक कक्षा स्तर पर एक नियमित शिक्षक को समन्वयक और एक संविदा शिक्षक को सह-समन्वयक नियुक्त किया गया है. इसके साथ ही बीएससी की सभी प्रयोगशालाओं को आधुनिक और अधिक सक्रिय बनाने के निर्देश दिए गए, ताकि प्रायोगिक कार्य नियमित रूप से संचालित हो सकें. निर्माणाधीन प्रयोगशालाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई. कुलपति ने संबंधित अधिकारियों को अधूरे निर्माण कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए.
त्योहारों से पहले दिल्ली में Food Safety Department सख्त, 500 किलो से ज्यादा नकली पनीर नष्ट
कम प्रवेश वाले विषयों पर होगा फोकस
बैठक में उन विषयों पर भी चर्चा हुई, जिनमें इस शैक्षणिक सत्र में छात्रों की संख्या कम रही है. कुलपति ने ऐसे विषयों में छात्र नामांकन बढ़ाने के लिए रणनीतिक कदम उठाने के निर्देश दिए. शिक्षकों ने बैठक में अपनी समस्याएं भी कुलपति के सामने रखीं. कुलपति ने समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद संबंधित पटल प्रभारियों को उनके त्वरित और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए. इस अवसर पर विज्ञान संकायाध्यक्ष प्रो. एसएस मिश्र समेत संकाय के सभी शिक्षक मौजूद रहे.


