Ayodhya News: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति के दिशा-निर्देशों तथा कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह की अध्यक्षता में एमबीए विभाग में ‘मां-बेटी सम्मेलन’ के अंतर्गत 5 अगस्त 2026 को एक दिवसीय विशाल स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया. विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केंद्र एवं प्रांतीय मेडिकल हेल्थ सर्विस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर का शुभारंभ कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह द्वारा किया गया.
‘मां-बेटी सम्मेलन’ के अंतर्गत विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कुलपति ने कहा कि एक स्वस्थ और जागरूक महिला सशक्त समाज एवं समृद्ध राष्ट्र की आधारशिला है. कुलाधिपति की पावन प्रेरणा से आयोजित ‘मां-बेटी सम्मेलन’ का मुख्य उद्देश्य छात्राओं और उनकी माताओं को महिला स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है. शिक्षा के साथ-साथ उत्तम स्वास्थ्य और सामाजिक चेतना का विकास विश्वविद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकता है. जब बेटियां अपने स्वास्थ्य के प्रति सतर्क और जागरूक होंगी, तभी वे जीवन के हर क्षेत्र में पूरी ऊर्जा के साथ सफलता प्राप्त कर सकेंगी.
छात्राओं का गहन स्वास्थ्य परीक्षण
स्वास्थ्य शिविर के दौरान विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सक डॉ. दीपशिखा चौधरी एवं डिस्ट्रिक्ट नोडल ऑफिसर (एचपीवी वैक्सीन) डॉ. पी. सी. भारती ने छात्राओं का गहन स्वास्थ्य परीक्षण किया. चिकित्सकों ने छात्राओं को रक्ताल्पता (एनीमिया) से बचाव, संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व, मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता प्रबंधन, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा मानसिक एवं व्यक्तिगत स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की विस्तृत जानकारी दी. साथ ही, महिलाओं से जुड़ी सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं की समय रहते पहचान और उनके सटीक उपचार हेतु उपयोगी परामर्श भी प्रदान किए.
सावन में पति को क्या गिफ्ट देना चाहिए? रिश्ते में प्यार बढ़ाने वाले बेहतरीन गिफ्ट आइडियाज
कौन-कौन मौजूद रहा?
कार्यक्रम का संचालन समन्वयक डॉ. गीतिका श्रीवास्तव ने किया. इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. नीलम पाठक, प्रो. हिमांशु शेखर सिंह, डॉ. महिमा चौरसिया, डॉ. नीलम सिंह, डॉ.स्वाती, डॉ. शशिकला, डॉ. प्रतिभा एवं डॉ. दीप्सा दूबे सहित वि० वि० स्वास्थ्य केंद्र की पैरामेडिकल टीम तथा विभिन्न विभागों के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे. शिविर में विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों की 1000 से अधिक छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं एवं परामर्श का लाभ उठाया.


