Dehradun Mussoorie Highway: उत्तराखंड में पहाड़ों का सफर अब और आसान होने वाला है. दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के बाद अब देहरादून और मसूरी के बीच नया हाईवे बनाने की योजना है. नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) करीब 3,500 करोड़ रुपये की लागत से लगभग 42 किलोमीटर लंबा दो-लेन हाईवे विकसित करेगा. यह हाईवे देहरादून के झाझरा से शुरू होकर मसूरी के गांधी चौक तक जाएगा.
प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद देहरादून से मसूरी का सफर करीब 30 मिनट में पूरा होने का अनुमान है. वहीं दिल्ली-NCR से देहरादून होते हुए मसूरी पहुंचने का समय करीब 4 घंटे तक आने की उम्मीद है.
अभी डेढ़ घंटे तक लगता है समय
फिलहाल देहरादून से मसूरी की करीब 34 किलोमीटर दूरी तय करने में सामान्य तौर पर काफी समय लगता है. पर्यटन सीजन और वीकेंड पर ट्रैफिक बढ़ने से सफर और लंबा हो जाता है. नए हाईवे से देहरादून शहर के भीतर प्रवेश किए बिना झाझरा रोड से मसूरी की ओर जाने का विकल्प मिलेगा. इससे राजपुर रोड और मसूरी रोड पर वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है.
हाईवे में बनेंगी दो बड़ी सुरंगें
नए प्रोजेक्ट की खास बात इसमें प्रस्तावित सुरंगें हैं. योजना के तहत दो टनल बनाई जाएंगी. इनमें पहली सुरंग जॉर्ज एवरेस्ट क्षेत्र के नीचे करीब 2.9 किलोमीटर लंबी होगी, जबकि दूसरी टनल की लंबाई करीब 2 किलोमीटर बताई गई है. इन सुरंगों के बनने से वाहनों को पहाड़ी रास्तों के कई घुमावदार और चुनौतीपूर्ण हिस्सों से बचते हुए आगे बढ़ने का रास्ता मिलेगा. इससे यात्रा का समय कम करने के साथ ट्रैफिक को व्यवस्थित करने में भी मदद मिल सकती है.
दिल्ली से मसूरी का सफर होगा आसान
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे शुरू होने के बाद दिल्ली-NCR और देहरादून के बीच कनेक्टिविटी पहले की तुलना में तेज हुई है. मौजूदा एक्सप्रेसवे से दिल्ली से देहरादून का सफर करीब ढाई से तीन घंटे में पूरा होने का दावा किया जाता है.ऐसे में देहरादून-मसूरी के प्रस्तावित हाईवे के तैयार होने के बाद दिल्ली-NCR से मसूरी तक का पूरा सफर करीब 4 घंटे में पूरा करने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली के पास बनेगी फ्यूचर सिटी! 51 गांवों की जमीन पर बसेंगे 40 नए सेक्टर
मसूरी के साथ इन पर्यटन स्थलों को भी फायदा
नए हाईवे से सिर्फ मसूरी ही नहीं, बल्कि धनौल्टी और टिहरी जैसे पर्यटन क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है. इसके अलावा यमुनोत्री और गंगोत्री जाने वाले यात्रियों को भी इस कॉरिडोर से फायदा मिल सकता है. NHAI की योजना के मुताबिक यह हाईवे दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा. इससे उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश की तरफ से उत्तराखंड आने वाले वाहनों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है. यानी आने वाले समय में दिल्ली-NCR से पहाड़ों की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए कम समय, बेहतर कनेक्टिविटी और देहरादून के ट्रैफिक से राहत वाला नया विकल्प तैयार हो सकता है.


