Palwal Master Plan 2041: हरियाणा में दिल्ली-NCR से सटे पलवल के विकास को लेकर बड़ा प्लान तैयार किया गया है. सरकार ने पलवल-पृथला मास्टर प्लान-2041 को मंजूरी दे दी है. इसके तहत करीब 9,000 हेक्टेयर जमीन पर एकीकृत नया शहरी क्षेत्र विकसित किया जाएगा. यहां रिहायशी सेक्टर, कॉलोनी, बहुमंजिला इमारतों के साथ औद्योगिक और वाणिज्यिक गतिविधियों के लिए भी जमीन तय की गई है. टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग ने वर्ष 2041 तक करीब 10.56 लाख आबादी को ध्यान में रखकर पलवल शहरी मास्टर प्लान-2041 तैयार किया है. राज्यपाल की मंजूरी के बाद इसकी अधिसूचना भी जारी कर दी गई है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली के पास बनेगी फ्यूचर सिटी! 51 गांवों की जमीन पर बसेंगे 40 नए सेक्टर
8,855 हेक्टेयर में तय होगा जमीन का इस्तेमाल
मास्टर प्लान में कुल 8,855 हेक्टेयर जमीन के अलग-अलग उपयोग का वर्गीकरण किया गया है. इसमें करीब 3,060 हेक्टेयर आवासीय, 337 हेक्टेयर वाणिज्यिक और 2,105 हेक्टेयर औद्योगिक क्षेत्र के लिए प्रस्तावित है. इसके अलावा परिवहन और संचार के लिए 1,970 हेक्टेयर, जन उपयोगिता के लिए 189 हेक्टेयर, सरकारी और अर्धसरकारी उपयोग के लिए 302 हेक्टेयर, जबकि खुले स्थानों के लिए 779 हेक्टेयर जमीन का प्रावधान किया गया है.
बनेगा बड़ा लॉजिस्टिक हब और ड्राई पोर्ट सिटी
पलवल की रणनीतिक कनेक्टिविटी को देखते हुए मास्टर प्लान में लॉजिस्टिक्स सेक्टर पर खास जोर दिया गया है. पलवल से KMP और KGP एक्सप्रेसवे जुड़े हैं, जबकि दिल्ली-मुंबई फ्रेट कॉरिडोर भी यहां से गुजरता है. इसके साथ ही ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर का निर्माण हो रहा है. इन्हीं कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट्स को ध्यान में रखते हुए पलवल में ड्राई पोर्ट सिटी विकसित करने की योजना है. इसे ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर के साथ विकसित किया जाएगा. कॉरिडोर के दोनों ओर करीब 30 मीटर चौड़ी हरित पट्टी विकसित करने का भी प्रावधान है. भारी वाहनों की आवाजाही को देखते हुए कुछ प्रमुख सड़कों को 100 मीटर तक चौड़ा करने का प्रस्ताव है. इससे माल ढुलाई, भंडारण और परिवहन से जुड़ी गतिविधियों के लिए बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार होने की उम्मीद है.
2,105 हेक्टेयर में विकसित होगा औद्योगिक क्षेत्र
फरीदाबाद के बाद पलवल को भी बड़े औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी है. मास्टर प्लान में औद्योगिक गतिविधियों के लिए 2,105 हेक्टेयर जमीन प्रस्तावित की गई है. इससे नए उद्योगों के साथ रोजगार के अवसर पैदा करने की योजना है.
मास्टर प्लान में साइबर सिटी विकसित करने का भी प्रावधान किया गया है. आईटी से जुड़ी औद्योगिक इकाइयों के लिए 1 से 5 एकड़, साइबर पार्क और आईटी पार्क के लिए 5 से 15 एकड़ तथा साइबर सिटी के लिए कम से कम 50 एकड़ जमीन का प्रावधान रखा गया है.
टाउन पार्क और वेस्ट मैनेजमेंट की भी व्यवस्था
नए शहर में सिर्फ घर और उद्योग ही नहीं होंगे, बल्कि पर्यावरण और सार्वजनिक सुविधाओं पर भी जोर दिया गया है. दिल्ली-मथुरा रेलवे लाइन के पास करीब 81 हेक्टेयर में टाउन पार्क विकसित करने का प्रस्ताव है. जलघर, सीवेज संबंधी कार्य, इलेक्ट्रिक ग्रिड सब-स्टेशन और ठोस कचरा निपटान जैसी जन उपयोगिता सुविधाओं के लिए 189 हेक्टेयर जमीन निर्धारित की गई है. गांव मांदकोल के पास करीब 21 हेक्टेयर में ठोस कचरा निपटान स्थल प्रस्तावित है.इसके अलावा नई कॉलोनियों और सेक्टरों में पानी के पुन: उपयोग को बढ़ावा देने की योजना है.
यह भी पढ़ें- अडानी के मेगा प्रोजेक्ट से बदलेगी असम की तस्वीर? 48 हजार करोड़ का पावर प्लांट, हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार
दिल्ली-NCR की कनेक्टिविटी से मिलेगा फायदा
KMP, KGP, दिल्ली-मुंबई फ्रेट कॉरिडोर और प्रस्तावित ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं से पलवल की कनेक्टिविटी लगातार मजबूत हो रही है. ऐसे में नए मास्टर प्लान के तहत आवासीय, औद्योगिक, वाणिज्यिक और लॉजिस्टिक विकास को एक साथ बढ़ाने की योजना है. अगर प्रस्तावित योजनाएं तय तरीके से विकसित होती हैं, तो आने वाले वर्षों में पलवल का शहरी विस्तार और आर्थिक गतिविधियां दोनों तेजी से बढ़ सकती हैं.


