नई दिल्ली: दिल्ली में मंगलवार 29 सितंबर को सड़क और ट्रैफिक से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाओं की सौगात मिलने जा रही है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लंबे समय से प्रतीक्षित बारापुला फेज-3 एलिवेटेड कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे. इसके साथ ही एक अन्य सड़क परियोजना का उद्घाटन और दो महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास किया जाएगा.
दिल्ली सरकार के लोक निर्माण विभाग (PWD) के मंत्री प्रवेश वर्मा के मुताबिक, इस दौरान मोदी मिल फ्लाईओवर को कालकाजी तक बढ़ाने और सावित्री सिनेमा जंक्शन पर नए समानांतर फ्लाईओवर की आधारशिला रखी जाएगी. वहीं, मुकरबा चौक अंडरपास का भी उद्घाटन होगा.
यह भी पढ़ें- Taxi में Smoking को लेकर विवाद, ड्राइवर और यात्री आमने-सामने, VIDEO वायरल
मोदी मिल से कालकाजी तक बनेगा 6 लेन का फ्लाईओवर
मोदी मिल फ्लाईओवर को कालकाजी तक विस्तार देने की परियोजना करीब 1.5 किलोमीटर लंबी होगी. इसमें छह लेन बनाए जाएंगे. दोनों तरफ करीब 9-9 मीटर चौड़े कैरिजवे के साथ मीडियन, क्रैश बैरियर और रेलिंग की व्यवस्था होगी.
यह कॉरिडोर कैप्टन गौर मार्ग, मां आनंदमयी मार्ग, लोटस टेंपल रोड, मस्जिद मोठ रोड और नेहरू प्लेस बस डिपो जैसे प्रमुख स्थानों को कवर करेगा. इस परियोजना का उद्देश्य दक्षिण दिल्ली के प्रमुख इलाकों के बीच आवाजाही को आसान बनाना और व्यस्त जंक्शनों पर ट्रैफिक दबाव कम करना है.
371 करोड़ रुपये होंगे खर्च
मोदी मिल फ्लाईओवर विस्तार और सावित्री सिनेमा जंक्शन फ्लाईओवर के लिए कुल 371 करोड़ रुपये की लागत मंजूर की गई है. चालू वित्त वर्ष में इसके लिए 150 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. दिल्ली सरकार ने दोनों परियोजनाओं को करीब 24 से 30 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा है.
सावित्री सिनेमा पर बनेगा नया फ्लाईओवर
ग्रेटर कैलाश-I, ग्रेटर कैलाश-II और CR पार्क में ट्रैफिक जाम की समस्या कम करने के लिए सावित्री सिनेमा जंक्शन पर करीब 900 मीटर लंबा, तीन लेन का वन-वे ग्रेड सेपरेटर बनाया जाएगा. इसमें करीब 435 मीटर लंबी एलिवेटेड रोड, दो एंट्री-एग्जिट रैंप और बस बे बनाए जाएंगे. जंक्शन को भी नए तरीके से डिजाइन किया जाएगा. परियोजना के तहत फुटपाथ, साइकिल ट्रैक, बेहतर ड्रेनेज और स्ट्रीट लाइटिंग जैसी सुविधाओं को भी विकसित किया जाएगा.
मुकरबा चौक अंडरपास का भी होगा उद्घाटन
मुकरबा चौक का अंडरपास प्रोजेक्ट पूरा हो चुका है. इसमें हैदरपुर बादली मोड़ मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-3 के पास तीन अंडरपास शामिल हैं. इनमें दो अंडरपास वाहनों के लिए और एक पैदल यात्रियों तथा गैर-मोटर चालित वाहनों के लिए बनाया गया है. वाहनों के लिए बनाए गए दोनों अंडरपास करीब 50 मीटर लंबे, 9.6 मीटर चौड़े और 6 मीटर ऊंचे हैं. इनके जरिए बादली और रोहिणी के बीच यातायात को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है.
बारापुला फेज-3 से क्या बदलेगा?
बारापुला फेज-3 एलिवेटेड कॉरिडोर का उद्घाटन भी 29 सितंबर को किया जाएगा. लंबे समय से प्रतीक्षित इस परियोजना के शुरू होने से दिल्ली के प्रमुख हिस्सों के बीच सड़क कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें- नोएडा से सीधे पहुंचेंगे इंद्रलोक! दिल्ली मेट्रो रचने जा रही है इतिहास, बनेगा 89 KM का सबसे लंबा कॉरिडोर
एक ही दिन में बारापुला फेज-3 का उद्घाटन, मुकरबा चौक अंडरपास की शुरुआत और दक्षिण दिल्ली की दो अहम सड़क परियोजनाओं के शिलान्यास से दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने की कोशिश को गति मिलेगी.


