Delhi Metro Update: दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के विस्तार के साथ राजधानी और एनसीआर के यात्रियों को बड़ी कनेक्टिविटी मिलने वाली है. फेज-4 के तहत इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर के पूरा होने के बाद मैजेंटा लाइन की कुल लंबाई करीब 89 किलोमीटर हो जाएगी. इसके साथ ही यह पिंक लाइन को पीछे छोड़कर दिल्ली मेट्रो की सबसे लंबी लाइन बन जाएगी. विस्तार के बाद मैजेंटा लाइन नोएडा के बॉटनिकल गार्डन से इंद्रलोक तक सीधी कनेक्टिविटी देगी.
पूरे 89 किलोमीटर के रूट पर करीब 65 स्टेशन होंगे, जिनमें लगभग 40 स्टेशन भूमिगत होंगे. इस कॉरिडोर पर ड्राइवरलेस मेट्रो का संचालन प्रस्तावित है. इससे नोएडा, दक्षिण दिल्ली, मध्य दिल्ली और उत्तर दिल्ली के बीच आवाजाही आसान होगी.
यह भी पढ़ें- बैंक में कैश जमा करना पड़ा भारी, IT नोटिस के बाद APMC बिल से किसान को ITAT में मिली राहत
12.4 KM के इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर पर काम
फेज-4 के तहत इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर करीब 12.4 किलोमीटर लंबा अंडरग्राउंड कॉरिडोर है. इसके निर्माण के साथ सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, झंडेवालान मंदिर, दिल्ली सचिवालय, इंडिया गेट, अरुण जेटली स्टेडियम, कर्तव्य पथ और सेंट्रल विस्टा जैसे प्रमुख इलाकों को मेट्रो कनेक्टिविटी मिलेगी.दिल्ली मेट्रो ने सराय रोहिल्ला क्षेत्र में नए कॉरिडोर के लिए डायफ्राम वॉल का निर्माण शुरू किया है.
इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर के 10 स्टेशन
- इंद्रलोक- रेड और ग्रीन लाइन से इंटरचेंज
- दया बस्ती
- सराय रोहिल्ला- रेलवे स्टेशन से कनेक्टिविटी
- अजमल खान पार्क
- झंडेवालान मंदिर
- नबी करीम- मैजेंटा लाइन से इंटरचेंज
- नई दिल्ली- येलो लाइन, एयरपोर्ट एक्सप्रेस और रेलवे स्टेशन से कनेक्टिविटी
- दिल्ली गेट/एलएनजेपी अस्पताल- वायलेट लाइन से इंटरचेंज
- दिल्ली सचिवालय/आईजी स्टेडियम
- इंद्रप्रस्थ- ब्लू लाइन से इंटरचेंज
केंद्रीय सचिवालय बनेगा बड़ा इंटरचेंज
मैजेंटा लाइन के विस्तार के बाद केंद्रीय सचिवालय स्टेशन पर भी कनेक्टिविटी बढ़ेगी. यहां येलो और वायलेट लाइन के साथ मैजेंटा लाइन की कनेक्टिविटी जुड़ने से यह एक महत्वपूर्ण ट्रिपल इंटरचेंज स्टेशन बन जाएगा. इससे सेंट्रल विस्टा और आसपास के सरकारी कार्यालयों में आने-जाने वाले कर्मचारियों और लोगों को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है.
दीपाली चौक-मजलिस पार्क सेक्शन से भी बढ़ी कनेक्टिविटी
फेज-4 के तहत मैजेंटा लाइन के उत्तरी हिस्से में दीपाली चौक से मजलिस पार्क तक करीब 10 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर का भी विकास किया गया है. इस सेक्शन से मंगोलपुरी, पीतमपुरा, हैदरपुर, भलस्वा और रोहिणी के इलाकों को बेहतर मेट्रो कनेक्टिविटी मिलेगी.
इसके प्रमुख स्टेशन हैं
दीपाली चौक, मधुबन चौक/पीतमपुरा, उत्तर पीतमपुरा-प्रशांत विहार, हैदरपुर गांव, हैदरपुर बादली मोड़, भलस्वा, मजलिस पार्क का नाम शामिल है.
जनकपुरी वेस्ट-आरके आश्रम मार्ग से जुड़ेगा बड़ा नेटवर्क
फेज-4 के जनकपुरी वेस्ट-आरके आश्रम मार्ग कॉरिडोर की लंबाई करीब 29 किलोमीटर है. इसमें कृष्णा पार्क एक्सटेंशन और दीपाली चौक-मजलिस पार्क सेक्शन समेत कई हिस्सों का विकास किया जा रहा है.
इस कॉरिडोर पर जनकपुरी वेस्ट, कृष्णा पार्क एक्सटेंशन, केशोपुर, पश्चिम विहार, पीरागढ़ी, मंगोलपुरी, दीपाली चौक, पीतमपुरा, हैदरपुर बादली मोड़, भलस्वा, मजलिस पार्क, आजादपुर, अशोक विहार, डेरावल नगर, घंटाघर, पुलबंगश, सदर बाजार और रामकृष्ण आश्रम मार्ग जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं.
7 मेट्रो लाइनों से जुड़ेगा नेटवर्क
मैजेंटा लाइन के विस्तार से दिल्ली मेट्रो की कई प्रमुख लाइनों के बीच इंटरचेंज सुविधा मजबूत होगी. यात्री रेड, ब्लू, ग्रीन, येलो, पिंक, वायलेट और एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन से जुड़ सकेंगे. सबसे बड़ा फायदा नोएडा और दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों के बीच सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी. बॉटैनिकल गार्डन से मैजेंटा लाइन के जरिए यात्रियों को उत्तर और पश्चिम दिल्ली के कई इलाकों तक पहुंचने में सुविधा होगी.
यह भी पढ़ें- Tata Aeris Launched: ₹5.29 लाख में नई Sub-4 Metre Sedan, Tigor की जगह आई
मेट्रो नेटवर्क के विस्तार से सड़क परिवहन पर निर्भरता कम करने और दिल्ली-एनसीआर में सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने में भी मदद मिल सकती है.


