नई दिल्ली: बॉलीवुड की चर्चित एक्शन फिल्म ‘धुरंधर द रिवेंज’ को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. फिल्म की रिलीज से पहले ही इसके तीसरे पार्ट को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. फैंस यह जानना चाहते हैं कि क्या ‘धुरंधर 2’ के बाद ‘धुरंधर 3’ भी बनेगी. अब इसको लेकर निर्देशक आदित्य धर की ओर से बड़ी जानकारी सामने आई है.
मेकर्स करना चाहते हैं यूनिवर्स को बड़ा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ‘धुरंधर द रिवेंज’ को मिल रहे जबरदस्त बज और एक्साइटमेंट को देखते हुए स्टूडियो इस फिल्म के यूनिवर्स को और बड़ा बनाना चाहता है. बताया जा रहा है कि मेकर्स चाहते हैं कि निर्देशक आदित्य धर इस कहानी को आगे बढ़ाते हुए धुरंधर 3 पर भी काम करें. रिपोर्ट्स के अनुसार यह ऐसा सब्जेक्ट है जिसे कई पार्ट्स में बनाया जा सकता है, इसलिए तीसरे पार्ट की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है.
तीसरे पार्ट का आइडिया पहले से तैयार
खबरों के मुताबिक आदित्य धर के पास तीसरे चैप्टर का आइडिया पहले से मौजूद है, लेकिन उन्होंने अभी तक इसे लेकर कोई आधिकारिक कमिटमेंट नहीं दिया है. हालांकि स्टूडियो इस मौके को गंवाना नहीं चाहता और चाहता है कि ‘धुरंधर 2’ के आखिर में एक पोस्ट-क्रेडिट टीजर रखा जाए, जिससे दर्शकों को तीसरे पार्ट का संकेत मिल सके और एक्साइटमेंट बनी रहे.
माइथोलॉजिकल एक्शन फिल्म भी बनाना चाहते हैं
बताया जा रहा है कि आदित्य धर ने प्रोडक्शन हाउस के साथ कई प्रोजेक्ट्स के लिए डील की है. वहीं वह भविष्य में सुपरस्टार रणवीर सिंह के साथ बड़े पैमाने की माइथोलॉजिकल एक्शन-एडवेंचर फिल्म बनाने में भी दिलचस्पी दिखा रहे हैं.
कब रिलीज होगी ‘धुरंधर: द रिवेंज’
फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. इस फिल्म में रणवीर सिंह के साथ आर.माधवन, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘धुरंधर द रिवेंज’ बॉक्स ऑफिस पर कैसा प्रदर्शन करती है और क्या सच में फैंस को आगे चलकर ‘धुरंधर 3’ का तोहफा मिलता है या नहीं.


