Iran Israel War Update: मिडिल ईस्ट में जारी भीषण युद्ध के बीच ईरान के शक्तिशाली सैन्य संगठन Islamic Revolutionary Guard Corps (IRGC) ने ऐसा बयान जारी किया है जिसने पूरी दुनिया की चिंता बढ़ा दी है. IRGC ने कहा है कि वह अपने सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत का बदला लेने के लिए इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को ढूंढकर मार गिराएगा. विशेषज्ञों का मानना है कि इस संघर्ष ने पहले ही विश्व ऊर्जा आपूर्ति, वैश्विक अर्थव्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर बड़ा असर डाला है. अगर तनाव इसी तरह बढ़ता रहा तो इसका असर पूरी दुनिया पर पड़ सकता है.
ईरानी गार्ड्स ने अपनी वेबसाइट सेपाह न्यूज पर जारी बयान में कहा कि अगर बच्चों की जान लेने वाला यह अपराधी जिंदा है तो हम पूरी ताकत से उसका पीछा करेंगे और उसे मार गिराएंगे. IRGC के कमांडरों का कहना है कि 28 फरवरी को अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या एक ऐसा अपराध है जिसका हिसाब नेतन्याहू को अपनी जान देकर चुकाना होगा.
युद्ध निर्णायक चरण में
वहीं इजरायल के रक्षा मंत्री इज़राइल काट्ज़ ने कहा कि तेहरान के साथ युद्ध अब निर्णायक दौर में पहुंच चुका है. उन्होंने ईरान के खर्ग द्वीप स्थित तेल निर्यात केंद्र पर अमेरिका के हमलों की सराहना करते हुए कहा कि यह संघर्ष और तेज हो गया है. काट्ज़ ने एक टेलीविजन बयान में कहा कि ईरान के खिलाफ वैश्विक और क्षेत्रीय संघर्ष का नेतृत्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू कर रहे हैं और यह तब तक जारी रहेगा जब तक इसकी जरूरत होगी.
एक दुल्हन, दो दूल्हे! थाईलैंड में प्यार की अनोखी मिसाल बनी यह शादी, इंटरनेट पर मचाया तहलका
नए सर्वोच्च नेता की चेतावनी
इस बीच ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने अपने पिता का पद संभालने के बाद पहला बयान जारी करते हुए कहा कि ईरान खाड़ी देशों पर हमले जारी रखेगा. उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि युद्ध में “अन्य मोर्चे” भी खोले जा सकते हैं. मिडिल ईस्ट में बढ़ते इस संघर्ष का असर वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति, अंतरराष्ट्रीय यात्रा और विश्व अर्थव्यवस्था पर भी पड़ने लगा है. विशेषज्ञों का मानना है कि यदि हालात जल्द नहीं संभले तो यह संघर्ष और व्यापक रूप ले सकता है.


