Ghaziabad News: गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन के निवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर है. गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने सिटी फॉरेस्ट से दुहाई तक 5.8 किलोमीटर लंबे आउटर रिंग रोड के निर्माण की तैयारी तेज कर दी है. करीब 90.91 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस 45 मीटर चौड़े मार्ग के लिए जीडीए ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है. इसके साथ ही मधुबन बापूधाम के पॉकेट-सी में 4.48 करोड़ रुपये की लागत से एक भव्य गोल चक्कर का निर्माण और सुंदरीकरण भी किया जाएगा.
प्रमुख विशेषताएं और रूट
राजनगर एक्सटेंशन की 63 से अधिक सोसाइटियों में रहने वाले 2 लाख से अधिक लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से निजात मिलेगी. वर्तमान में जीटी रोड, एलिवेटेड रोड और दिल्ली-मेरठ रोड को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर सुबह-शाम वाहनों का भारी दबाव रहता है. यह नया मार्ग नूरनगर, मोरटी, अटौर, भोवापुर, मोरटा और शाहपुर निज मोरटा से होकर गुजरेगा. इसके बनने से वाहन चालक सिटी फॉरेस्ट के पास से सीधे एनपीआर (नॉर्दर्न पेरीफेरल रोड) की ओर जा सकेंगे.
स्थानीय लोगों के लिए सर्विस रोड
मुख्य सड़क के साथ-साथ सर्विस रोड भी बनाई जाएगी, ताकि स्थानीय निवासियों को आवाजाही में कोई परेशानी न हो. 90.91 करोड़ रुपये के इस प्रोजेक्ट में सड़क के अलावा नाले, डिवाइडर, सीवरेज सिस्टम और फुटपाथ का निर्माण शामिल है. जलभराव की समस्या को ध्यान में रखकर इसका डिजाइन तैयार किया गया है.
टेंडर और निर्माण की समय-सीमा
इच्छुक एजेंसियां व कंपनियां 18 अगस्त तक अपना आवेदन जमा कर सकती हैं. 20 अगस्त को तकनीकी बोलियां खोली जाएंगी, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू करने के लिए एजेंसी का चयन किया जाएगा.
मधुबन बापूधाम के पॉकेट-सी में बनेगा आकर्षक गोल चक्कर
जीडीए मधुबन बापूधाम योजना को एक सुव्यवस्थित और सुरक्षित आवासीय क्षेत्र के रूप में विकसित कर रहा है. इसके पॉकेट-सी में स्थित गोल चक्कर के निर्माण और सुंदरीकरण पर 4.48 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. चयनित एजेंसी को 360 दिनों में काम पूरा करना होगा. गोल चक्कर बनने से वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित होगी और दुर्घटनाओं की आशंका घटेगी. क्षेत्र को आकर्षक और सुरक्षित बनाने के लिए बेहतर लाइटिंग और हरियाली की व्यवस्था की जाएगी.इसके लिए भी 18 अगस्त तक निविदाएं जमा की जाएंगी और 20 अगस्त को टेंडर खोले जाएंगे.
AI ने बताया रक्षाबंधन पर बहन को क्या दें, बार-बार कहेगी Thank You
जीडीए के मुख्य अभियंता ने क्या कहा?
इस संबंध में जीडीए के मुख्य अभियंता आलोक रंजन के अनुसार, इन दोनों बुनियादी ढांचा परियोजनाओं से गाजियाबाद शहर का यातायात ढांचा मजबूत होगा और दिल्ली, नोएडा, मेरठ तथा हिंडन एयरफोर्स जाने वाले वाहन चालकों को भी सुगम मार्ग उपलब्ध होगा.


