ग्रेटर नोएडा: यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में सेमीकंडक्टर उद्योग की बड़ी शुरुआत होने जा रही है. सेक्टर-28 में इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड की सेमीकंडक्टर यूनिट का निर्माण जल्द शुरू होगा. करीब 48 एकड़ जमीन पर बनने वाली इस इकाई में कंपनी 3,706 करोड़ रुपये का निवेश करेगी. परियोजना के शुरू होने से यीडा क्षेत्र में रोजगार और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में बनेगी नई हाईटेक टाउनशिप, 521 हेक्टेयर में बसेगा हरनंदीपुरम, दूसरे फेज की जमीन खरीद तेज
यमुना प्राधिकरण ने सेक्टर-28 में कंपनी को यूनिट स्थापित करने के लिए 48 एकड़ जमीन आवंटित की है. निर्माण शुरू होने तक कंपनी के अस्थायी कार्यालय के लिए मेडिकल डिवाइस पार्क में जगह उपलब्ध कराई गई है. बाद में इस कार्यालय को निर्माण स्थल पर शिफ्ट कर दिया जाएगा.
प्रधानमंत्री ने रखी थी आधारशिला
बता दें कि इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड की इस परियोजना की आधारशिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रखी थी. कंपनी ने यूनिट के निर्माण से पहले विभिन्न विभागों से जरूरी अनापत्तियां (NOC) लेने की प्रक्रिया पूरी कर ली है. कंपनी ने यीडा से निर्माण शुरू होने तक अस्थायी कार्यालय के लिए जगह उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था, जिसके बाद प्राधिकरण ने मेडिकल डिवाइस पार्क में स्थान उपलब्ध कराया.
यीडा क्षेत्र में बनेंगे रोजगार के नए अवसर
यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक, सेमीकंडक्टर यूनिट शुरू होने के बाद सिर्फ सीधे रोजगार ही नहीं, बल्कि इससे जुड़े कई अन्य क्षेत्रों में भी काम के अवसर पैदा हो सकते हैं. स्थानीय स्तर पर सप्लाई, लॉजिस्टिक्स और अन्य औद्योगिक गतिविधियों को भी इसका फायदा मिलने की उम्मीद है. यीडा के सीईओ आरके सिंह ने कहा कि सेमीकंडक्टर यूनिट का निर्माण जल्द शुरू होने जा रहा है. उनके मुताबिक, इस परियोजना से यीडा क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर किए अपने पोस्ट में सेमीकंडक्टर यूनिट के निर्माण का उल्लेख किया है.
48 एकड़ में तैयार होगा नया औद्योगिक केंद्र
सेक्टर-28 में 48 एकड़ में विकसित होने वाली यह परियोजना यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर से जुड़े उद्योगों के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. 3,706 करोड़ रुपये के निवेश वाली इस इकाई के निर्माण से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें- किराड़ी में हर मानसून जलभराव से मिलेगी राहत, 263 करोड़ से बनेगा 4.5 किमी लंबा ड्रेन

