Gurugram Global City 700 Meter Tower: हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचनात्मक विकास निगम (HSIIDC) द्वारा गुरुग्राम में विकसित की जा रही ‘ग्लोबल सिटी’ परियोजना भारत के बुनियादी ढांचे और आधुनिक शहरी नियोजन को एक नई पहचान देने जा रही है. लगभग 1 लाख करोड़ रुपये के भारी निवेश से तैयार हो रही यह महत्वाकांक्षी परियोजना न केवल दिल्ली-एनसीआर की तस्वीर बदलेगी, बल्कि दुबई और सिंगापुर जैसी वैश्विक सुविधाओं का अहसास भी कराएगी.
700 मीटर ऊंचे टावर और 100 से अधिक मंजिलें
ग्लोबल सिटी की सबसे बड़ी खासियत यहां बनने वाले अत्याधुनिक मिक्स्ड-यूज टावर होंगे. HSIIDC के निदेशक सुशील सरवान के अनुसार, 6 से 7 एकड़ भूमि पर 620 से 700 मीटर ऊंचे भव्य टावर बनाने की योजना है, जिनके लिए टेंडर और बिडिंग की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी. 100 से अधिक मंजिलों वाले ये टावर दुबई के बुर्ज खलीफा की तर्ज पर आइकोनिक बिल्डिंग्स के रूप में जाने जाएंगे.
तुलना के लिए, वर्तमान में दिल्ली में संवार टावर (235 मीटर) और नोएडा में बने टावर (213 मीटर) सबसे ऊंचे हैं, जबकि गुरुग्राम में 192 मीटर ऊंचा रेवंता आवासीय टावर प्रस्तावित है. ऐसे में ग्लोबल सिटी के टावर भारत के सबसे ऊंचे ढांचों में शुमार होंगे.
जून 2027 तक पहला चरण होगा पूरा
ग्लोबल सिटी का पहला चरण 587 एकड़ भूमि पर विकसित किया जा रहा है. इसके अंतर्गत बुनियादी ढांचे का विकास कार्य जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. प्रथम चरण पूरा होने के बाद बड़े प्लॉट्स की नीलामी शुरू की जाएगी. 2023 में जारी डिजाइन के तहत ज़ोन-ए में 80.05 एकड़ जमीन गैर-आवासीय और 35% हिस्सा आवासीय उपयोग के लिए तय किया गया है.
दिग्गज कंपनियों की निवेश में रुचि, 5 लाख लोगों को मिलेगा रोजगार
ग्लोबल सिटी में देश-विदेश के कई बड़े निवेशक और रियल एस्टेट दिग्गज निवेश के लिए तैयार हैं. इनमें डीएलएफ (DLF), बेस्टेक (Bestech), एलएंडटी (L&T) और प्रेस्टीज ग्रुप (Prestige Group) जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं. इस प्रोजेक्ट के पूरी तरह तैयार होने पर 5 लाख से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है.
सुबह खाली पेट चाय पीने की आदत है? शरीर में हो सकती हैं ये 3 बड़ी परेशानियां
3 प्रमुख हाईवे से कनेक्टिविटी, ट्रैफिक से मिलेगी मुक्ति
परियोजना की सफलता और सुगम आवाजाही के लिए इसे तीन प्रमुख सड़कों द्वारका एक्सप्रेसवे, दिल्ली-जयपुर हाईवे (NH-48) और पटौदी स्टेट हाईवे से सीधे जोड़ा जाएगा. HSIIDC द्वारा की गई इस विशेष प्लानिंग से भविष्य में यहां आने वाले निवेशकों, निवासियों और कामकाजी लोगों को ट्रैफिक जाम का सामना नहीं करना पड़ेगा.


