Gurugram Traffic: दिल्ली-जयपुर हाईवे पर सफर करने वाले लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है. गुरुग्राम में एंबियंस मॉल से DLF साइबर सिटी तक तीन लेन का एलिवेटेड रोड बनाया जाएगा. इसके साथ ही जयपुर से दिल्ली की दिशा में जाने वाले वाहनों के लिए तीन लेन का अंडरपास भी बनाया जाएगा. हरियाणा सरकार ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है.
करीब 130 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले एलिवेटेड रोड और अंडरपास से दिल्ली-जयपुर हाईवे की सर्विस रोड पर लगने वाले जाम को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है. इस हाईवे पर रोजाना करीब 3.63 लाख वाहनों की आवाजाही होती है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली के यशोभूमि से राजीव चौक तक दौड़ेगी मेट्रो, DPR में बड़ा बदलाव, इन जगहों पर बनेंगे स्टेशन
एंबियंस मॉल से साइबर सिटी तक बनेगा एलिवेटेड रोड
प्रस्ताव के तहत एंबियंस मॉल से DLF साइबर सिटी तक तीन लेन का एलिवेटेड रोड बनाया जाएगा. खास बात यह है कि इसके निर्माण से मौजूदा सर्विस रोड की चौड़ाई कम नहीं होगी. सर्वे के मुताबिक, सुबह के समय एंबियंस मॉल से सर्विस रोड की ओर हर घंटे करीब 16 हजार वाहन उतरते हैं. शाम के समय भी करीब 15,425 वाहनों की आवाजाही होती है. वाहनों की इस भारी संख्या के कारण एंबियंस मॉल से साइबर सिटी के बीच अक्सर लंबा जाम लग जाता है.
सुबह-शाम बढ़ जाता है ट्रैफिक दबाव
सर्वे में सामने आया कि दिल्ली से गुरुग्राम की ओर रोजाना करीब 1.70 लाख वाहन आते-जाते हैं. इनमें लगभग 92 हजार वाहन एंबियंस मॉल से सर्विस रोड की ओर जाते हैं. वहीं, सुबह के समय करीब 9 हजार वाहन DLF साइबर सिटी की ओर जाते हैं. शाम को यह संख्या बढ़कर करीब 13 हजार हो जाती है. ऐसे में एलिवेटेड रोड बनने से वाहनों को सर्विस रोड के ट्रैफिक से अलग रास्ता मिलने की उम्मीद है.
मोल्सरी एवेन्यू से दिल्ली की तरफ बनेगा अंडरपास
एलिवेटेड रोड के साथ ही जयपुर से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों के लिए तीन लेन का अंडरपास बनाया जाएगा. यह अंडरपास मोल्सरी एवेन्यू रोड से शुरू होकर दिल्ली-जयपुर हाईवे के नीचे से होकर दिल्ली की दिशा में जाएगा. इससे हाईवे पर आने-जाने वाले वाहनों को अलग-अलग रास्ता मिल सकेगा और ट्रैफिक का दबाव कम करने में मदद मिलेगी.
महिपालपुर से राजीव चौक तक कनेक्टिविटी होगी आसान
दिल्ली के महिपालपुर स्थित शिव मूर्ति से एंबियंस मॉल तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड को नए एलिवेटेड रोड से जोड़ने की योजना है. इसके बनने के बाद दिल्ली से DLF साइबर सिटी और आगे राजीव चौक की तरफ जाने वाले वाहन चालकों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकती है.
यह भी पढ़ें- Golmaal 5 की रिलीज डेट का ऐलान, 8 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में लौटेगी अजय देवगन की ‘गोलमाल’ गैंग
NHAI की मंजूरी के बाद सरकार ने लगाई मुहर
एलिवेटेड रोड के प्रस्ताव और डिजाइन को NHAI से पहले ही मंजूरी मिल चुकी थी. प्रस्ताव को पिछले महीने मुख्यमंत्री के पास भेजा गया था. अब बुधवार को हरियाणा सरकार ने भी इस परियोजना को मंजूरी दे दी है. नए एलिवेटेड रोड और अंडरपास के बनने के बाद दिल्ली-जयपुर हाईवे के इस व्यस्त हिस्से में ट्रैफिक का दबाव कम करने और गुरुग्राम के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों तक आवाजाही आसान बनाने की उम्मीद है.


