देहरादून: उत्तराखंड आने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. हरिद्वार को देश के प्रमुख धार्मिक शहरों से जोड़ने के लिए रेल कनेक्टिविटी का विस्तार किया गया है. रेल मंत्रालय ने बांद्रा टर्मिनस-दिल्ली सराय रोहिल्ला गरीब रथ एक्सप्रेस को हरिद्वार तक चलाने की मंजूरी दे दी है. इसके साथ ही हरिद्वार से गुजरात के वेरावल और ओखा के लिए दो नई एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन को भी हरी झंडी मिल गई है.
यह भी पढ़ें- त्रिशूल, डमरू और बेलपत्र से सजा अनोखा क्रिकेट स्टेडियम तैयार, 95% काम पूरा, जानें कब होंगे मैच
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर इन फैसलों की जानकारी दी. मुख्यमंत्री धामी ने इस सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री का आभार जताया है.
मुंबई से अब हरिद्वार तक जाएगी गरीब रथ
ट्रेन नंबर 12216/12215 बांद्रा टर्मिनस-दिल्ली सराय रोहिल्ला गरीब रथ एक्सप्रेस अब हरिद्वार तक जाएगी. पहले यह ट्रेन मुंबई के बांद्रा टर्मिनस से चलकर दिल्ली सराय रोहिल्ला तक ही जाती थी. इसके विस्तार से मुंबई और दिल्ली के यात्रियों को हरिद्वार के लिए किफायती एसी रेल सेवा मिलेगी. खासकर धार्मिक यात्रा पर हरिद्वार आने वाले यात्रियों के लिए यह सुविधा काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
हरिद्वार से सीधे सोमनाथ की यात्रा
पश्चिम भारत के श्रद्धालुओं के लिए हरिद्वार से गुजरात के वेरावल तक नई एक्सप्रेस ट्रेन शुरू की जाएगी. ट्रेन नंबर 14326/14325 हरिद्वार-वेरावल एक्सप्रेस उत्तराखंड को सीधे सोमनाथ क्षेत्र से जोड़ेगी. यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन बुधवार और रविवार को चलेगी. हरिद्वार से यह सुबह 4 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 8:15 बजे वेरावल पहुंचेगी. वापसी में वेरावल से यह गुरुवार और सोमवार को सुबह 11:05 बजे चलेगी और अगले दिन शाम 6 बजे हरिद्वार पहुंचेगी. ट्रेन पुरानी दिल्ली, रेवाड़ी, किशनगढ़ और पालनपुर जैसे प्रमुख स्टेशनों से होते हुए वेरावल पहुंचेगी.
अब हरिद्वार से सीधे द्वारका और ओखा
हरिद्वार से ओखा के लिए भी नई एक्सप्रेस ट्रेन को मंजूरी दी गई है. ट्रेन नंबर 14328/14327 हरिद्वार-ओखा एक्सप्रेस उत्तराखंड को गुजरात के ओखा से जोड़ेगी, जिससे द्वारका जाने वाले श्रद्धालुओं को सीधा रेल विकल्प मिलेगा. यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन चलेगी. हरिद्वार से यह शुक्रवार सुबह 4 बजे रवाना होकर अगले दिन शनिवार सुबह 8:15 बजे ओखा पहुंचेगी. वापसी में ओखा से शनिवार को सुबह 8:15 बजे ट्रेन रवाना होगी.
रास्ते में भी यात्रियों की सुविधा का ध्यान
लंबी दूरी की इन यात्राओं के दौरान यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए दिल्ली, जयपुर, अजमेर और राजकोट जैसे प्रमुख स्टेशनों पर पानी भरने और सफाई की विशेष व्यवस्था की गई है.
तीर्थ यात्रियों के लिए आसान होगा सफर
हरिद्वार, सोमनाथ और द्वारका देश के सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों में शामिल हैं. ऐसे में इन तीर्थ शहरों के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी बढ़ने से श्रद्धालुओं के लिए यात्रा आसान होगी. खासकर गुजरात और महाराष्ट्र से उत्तराखंड आने वाले श्रद्धालुओं को अब यात्रा के लिए कम झंझट उठाना पड़ेगा. इसके अलावा पर्यटकों, व्यापारियों और छात्रों को भी इन नई रेल सेवाओं का फायदा मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें- जहां थीं झुग्गियां, वहां होंगे पक्के घर! दिल्ली की 376 बस्तियों की बदलेगी तस्वीर, 17 लाख लोगों की बदलेगी जिंदगी


