Kanpur Metro New Corridors: कानपुर में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार की तैयारी तेज हो गई है. शहर के दक्षिणी हिस्सों नौबस्ता, किदवई नगर, बारादेवी, बर्रा और ट्रांसपोर्ट नगर को बेहतर मेट्रो कनेक्टिविटी देने के साथ भविष्य में चकेरी, पनकी, उन्नाव और ट्रांस गंगा सिटी तक मेट्रो पहुंचाने की योजना तैयार की जा रही है. कानपुर में मौजूदा मेट्रो नेटवर्क करीब 16 किलोमीटर के रूट पर संचालित है. इसके विस्तार के बाद शहर का मेट्रो नेटवर्क करीब 84 किलोमीटर तक पहुंचाने की तैयारी है. इसके लिए सात नए कॉरिडोर प्रस्तावित हैं.
फेंकने की मत सोचना! काली पड़ी डोरमैट मिनटों में हो जाएगी नई जैसी, बस आजमाएं रसोई की ये 2 चीजें
कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक ऑरेंज लाइन
कॉरिडोर-1 यानी ऑरेंज लाइन का विस्तार कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक किया जा रहा है. इस रूट में झकरकटी बस टर्मिनल, ट्रांसपोर्ट नगर, बारादेवी, किदवई नगर, वसंत विहार और नौबस्ता जैसे प्रमुख इलाके जुड़ेंगे. इस रूट पर ट्रायल भी पूरा होने की बात कही जा रही है और साल के अंत तक इसे यात्रियों के लिए खोले जाने की उम्मीद है. इसके शुरू होने से शहर के दक्षिणी हिस्से की मेट्रो कनेक्टिविटी काफी बेहतर हो जाएगी.
कॉरिडोर-2 में CSA यूनिवर्सिटी से बर्रा-8 तक मेट्रो
कानपुर मेट्रो के दूसरे कॉरिडोर यानी ब्लू लाइन के तहत चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से बर्रा-8 तक करीब 8.60 किलोमीटर का रूट विकसित किया जा रहा है. इस मार्ग में रावतपुर और डबल पुलिया समेत कई प्रमुख इलाके जुड़ेंगे. रूट पर टनल और स्टेशन निर्माण से जुड़े काम को आगे बढ़ाया जा रहा है.
भविष्य में चकेरी एयरपोर्ट तक पहुंचेगी मेट्रो
कानपुर मेट्रो के प्रस्तावित विस्तार में शहर को चकेरी स्थित कानपुर एयरपोर्ट से जोड़ने की योजना भी शामिल है. नौबस्ता से चकेरी के बीच करीब 14.6 से 17.6 किलोमीटर का मेट्रो कॉरिडोर प्रस्तावित है. इसके बनने से दक्षिण कानपुर के लोगों को एयरपोर्ट तक सीधी मेट्रो कनेक्टिविटी मिल सकेगी.
बर्रा-8 से नौबस्ता तक बनेगा लिंक
दक्षिण कानपुर के मेट्रो नेटवर्क को आपस में जोड़ने के लिए बर्रा-8 से नौबस्ता के बीच करीब 8 किलोमीटर का लिंक रूट प्रस्तावित है. इससे कॉरिडोर-1 और कॉरिडोर-2 के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी. बाबूपुरवा, किदवई नगर, नौबस्ता और वसंत विहार जैसे इलाकों को इसका फायदा मिल सकता है.
पनकी और विजय नगर तक भी मेट्रो की तैयारी
औद्योगिक क्षेत्र पनकी को शहर के प्रमुख हिस्सों से जोड़ने के लिए नमक फैक्ट्री/विजय नगर से पनकी एक्सटेंशन तक करीब 6 किलोमीटर का रूट प्रस्तावित है. इससे विजय नगर, कल्याणपुर, कालपी रोड, रतननगर, पांडु नगर, काकादेव, जवाहर नगर और आवास विकास जैसे क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर हो सकती है.
नौबस्ता से रमईपुर तक भी प्रस्तावित रूट
नौबस्ता से रमईपुर के बीच करीब 5.45 किलोमीटर का एलीवेटेड मेट्रो रूट प्रस्तावित है. इससे कानपुर के दक्षिणी और बाहरी क्षेत्रों में मेट्रो की पहुंच और बढ़ सकती है.
ट्रांस गंगा सिटी तक पहुंचेगी मेट्रो?
कानपुर मेट्रो के भविष्य के विस्तार में गंगा पार विकसित हो रही ट्रांस गंगा सिटी को भी जोड़ने की योजना पर काम हो रहा है. CSA यूनिवर्सिटी से ख्योरा सिटी तक करीब 4.4 किलोमीटर का कॉरिडोर और ख्योरा कटरी से ट्रांस गंगा सिटी तक करीब 9 किलोमीटर का लिंक रूट प्रस्तावित है. अगर यह योजना जमीन पर उतरती है तो कानपुर शहर और गंगा पार विकसित हो रहे नए औद्योगिक एवं आवासीय क्षेत्रों के बीच आवागमन काफी आसान हो जाएगा.
कानपुर से उन्नाव तक भी मेट्रो का सपना
सबसे बड़े प्रस्तावित रूट में कानपुर से उन्नाव-शुक्लागंज कनेक्टिविटी शामिल है. करीब 35.8 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर के जरिए कानपुर और उन्नाव को सीधे मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने की योजना है. दोनों शहरों के बीच गंगा के आर-पार रोजाना सफर करने वाले हजारों यात्रियों को इसका बड़ा फायदा मिल सकता है.
राजस्थान में 309 नगरीय निकायों के चुनाव का ऐलान, 9 और 11 सितंबर को मतदान, 14 को मतगणना
84 किमी के नेटवर्क से बदलेगी शहर की तस्वीर
कानपुर की बढ़ती आबादी और ट्रैफिक दबाव को देखते हुए मेट्रो विस्तार को शहर के भविष्य के परिवहन नेटवर्क के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. मौजूदा कॉरिडोर के विस्तार के साथ प्रस्तावित सात नए रूट जमीन पर उतरते हैं तो नौबस्ता से चकेरी, पनकी से ट्रांस गंगा सिटी और कानपुर से उन्नाव तक कनेक्टिविटी का नया नेटवर्क तैयार हो सकता है. यानी आने वाले वर्षों में कानपुर की पहचान सिर्फ औद्योगिक शहर के रूप में नहीं, बल्कि एक बड़े और आपस में जुड़े मेट्रो शहर के तौर पर भी बनने की उम्मीद है.


