Rampur News: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में एक मामूली घरेलू विवाद ने ऐसा भयावह रूप ले लिया कि एक हंसता-खेलता परिवार मातम में बदल गया. भिंडी की सब्जी जलने को लेकर शुरू हुई कहासुनी के बाद एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश फैल गया है. बताया जा रहा है कि सीबो नाम की महिला अपने तीन बच्चों के साथ संयुक्त परिवार में रहती थी. मामूली बात पर हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि मामला जानलेवा बन गया.
कहां की है ये घटना?
रामपुर जिले के टांडा थाना क्षेत्र के सीकमपुर मिलक की बताई जा रही है. मिली जानकारी के अनुसार, घर में भिंडी की सब्जी जलने को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी. देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ ही देर बाद विवाहिता सीबो की मौत हो गई. घटना के बाद ससुराल पक्ष ने मायके वालों को सूचना दी कि वह सोकर नहीं उठ रही है, लेकिन मौके पर पहुंचे परिजनों को मामला संदिग्ध लगा.
हत्या के आरोप, गले पर मिले निशान
मृतका के चाचा जरीफ ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सब्जी को लेकर हुए विवाद के बाद जेठ मुनव्वर, उसकी पत्नी, ननद और अन्य लोगों ने मिलकर सीबो का गला दबाकर हत्या कर दी. परिजनों का दावा है कि मृतका के गले पर निशान भी मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरी हो गई है.
16 साल पहले हुई थी शादी
बताया जा रहा है कि सीबो की शादी करीब 16 साल पहले नाजिम नाम के युवक से हुई थी, जो गोरखपुर में मजदूरी करता है. घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं था. पत्नी की मौत की खबर सुनकर वह भी सदमे में है और खुद भी इस घटना को लेकर अनजान होने की बात कह रहा है.
चाणक्य नीति के 10 नियम, जो बदल सकते हैं आपकी जिंदगी
पुलिस जांच में जुटी
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है. थाना प्रभारी के मुताबिक, मामला संदिग्ध है और हर एंगल से जांच की जा रही है. अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है, जो यह साफ करेगी कि यह मामला आत्महत्या है या फिर हत्या की साजिश.


