Ukraine Russia War Latest Update News: रूस और यूक्रेन के बीच पिछले चार सालों से जारी खूनी संघर्ष एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है. पिछले कुछ घंटों के भीतर दोनों देशों ने एक-दूसरे के सीमावर्ती इलाकों पर अब तक के सबसे भीषण हमलों में से एक को अंजाम दिया है. बता दें कि इस ताजा गोलाबारी और ड्रोन हमलों ने दोनों तरफ के आम नागरिकों की जिंदगी को दांव पर लगा दिया है. इस तबाही में एक 5 साल के मासूम बच्चे समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है.
लखनऊ मेट्रो के दूसरे कॉरिडोर को मिली बड़ी रफ्तार, वसंतकुंज डिपो के लिए जारी हुआ ₹127 करोड़ का ठेका
यूक्रेन का बड़ा हमला: रूस के ब्रायंस्क में कोहराम
यूक्रेन ने इस बार सीधे रूसी सीमा के भीतर घुसकर हमला बोला है. रूस के सीमाई इलाके ब्रायंस्क के कार्यवाहक गवर्नर येगोर कोवलचुक ने सोशल मीडिया पर इस भारी तबाही की पुष्टि की है.
गवर्नर के मुताबिक, बॉर्डर के बिल्कुल नजदीक बसे सूजेमका इलाके में यूक्रेन की तरफ से जोरदार गोलाबारी की गई. इस हमले की चपेट में आने से दो स्थानीय नागरिकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं.
पेट्रोल पंपों पर बरसे गोले
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सूजेमका से करीब 110 किलोमीटर दूर स्टारोडुब इलाके में यूक्रेन ने पेट्रोल पंपों को निशाना बनाया. इस हमले में 7 लोग झुलस गए. वहीं, एक अन्य यूक्रेनी ड्रोन हमले में 5 साल का एक मासूम बच्चा भी गंभीर रूप से जख्मी हुआ है.
रूस का खौफनाक पलटवार: ड्रोन हमलों से दहला यूक्रेन
यूक्रेन के इन हमलों के तुरंत बाद रूसी सेना ने भी पूरी ताकत से पलटवार किया. यूक्रेन के उत्तरी और दक्षिणी हिस्से पर रूस ने आत्मघाती ड्रोन से हमले शुरू कर दिए.
- सुमी इलाका: सुमी के गवर्नर ओलेह ह्रीहोरोव ने बताया कि रूसी ड्रोन हमले में 44 साल की एक महिला की मौत हो गई, जबकि 33 साल की एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल है.
- मायकोलाइव शहर: दक्षिणी यूक्रेन के मायकोलाइव में भी रूसी ड्रोन आसमान से तबाही बनकर गिरे. स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, यहां हुए हमलों में 3 नागरिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं. और कई इमारतें मलबे में तब्दील हो गई हैं.
दोनों देशों की ओर से बढ़ते इन हमलों ने अंतरराष्ट्रीय बिरादरी की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि युद्ध थमने के बजाय अब रिहायशी इलाकों को अपनी चपेट में ले रहा है.


