UP Teacher Cashless Health Scheme: उत्तर प्रदेश के बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए एक बेहद राहत भरी खबर है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को वाराणसी से ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना’ का भव्य शुभारंभ करने जा रहे हैं. इस योजना के शुरू होने से प्रदेश के करीब 12 लाख शिक्षकों, रसोइयों और अन्य कर्मियों को उनके परिवार सहित मुफ्त और कैशलेस इलाज की सुरक्षा मिलेगी. इस बड़े कार्यक्रम में न सिर्फ स्वास्थ्य बल्कि छात्रों के लिए डीबीटी (DBT) ट्रांसफर और शिक्षकों की सामाजिक सुरक्षा को लेकर भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के साथ एक बड़ा समझौता भी होने जा रहा है.
सरकार भरेगी पूरा प्रीमियम
इस योजना के तहत लाभार्थियों को सरकारी और पैनल में शामिल निजी अस्पतालों में प्रति परिवार ₹5 लाख तक के कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी. बेसिक व माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक, सहायता प्राप्त स्कूलों के शिक्षक, शिक्षामित्र, विशेष शिक्षक (CWSN), अनुदेशक, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (KGBV) के स्टाफ, रसोइये और अन्य पात्र कर्मचारी.
योजना के लिए प्रति शिक्षक ₹3000 का वार्षिक प्रीमियम पूरी तरह से राज्य सरकार वहन करेगी. इसके लिए सरकार हर साल करीब ₹447 करोड़ खर्च करेगी. 1900 बीमारियों का कवर: इस योजना में सामान्य बीमारियों से लेकर कैंसर, दिल की बीमारी, किडनी रोग और जटिल सर्जरी समेत करीब 1900 उपचार पैकेज शामिल किए गए हैं. सीएम योगी कार्यक्रम में प्रतीकात्मक रूप से कुछ शिक्षकों को कैशलेस कार्ड भी सौंपेंगे.
1.10 करोड़ बच्चों के अभिभावकों के खातों में भेजे जाएंगे ₹1320 करोड़
शैक्षिक सत्र 2026-27 के पहले चरण के तहत मुख्यमंत्री एक क्लिक के जरिए प्रदेश के 1 करोड़ 10 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं के अभिभावकों के बैंक खातों में ₹1320 करोड़ की धनराशि डीबीटी (DBT) के माध्यम से ट्रांसफर करेंगे. यह पैसा बच्चों के यूनिफॉर्म, स्वेटर, स्कूल बैग, जूते-मोजे और स्टेशनरी खरीदने के लिए सीधे माता-पिता के खातों में भेजा जा रहा है, ताकि सत्र की शुरुआत में ही बच्चों को पढ़ाई की जरूरी चीजें मिल सकें.
शिक्षा विभाग और SBI के बीच महा-समझौता (MoU)
शिक्षकों को चौतरफा सुरक्षा देने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के बीच एक महत्वपूर्ण एमओयू (MoU) साइन होगा. इससे करीब 10 लाख शिक्षकों और कर्मचारियों को शानदार सोशल सिक्योरिटी मिलेगी. जिन कर्मचारियों का सैलरी अकाउंट SBI में है, उन्हें इसका लाभ स्वतः (ऑटोमैटिक) मिलने लगेगा. बाकी कर्मी भी खाता खुलवा सकेंगे. इसके तहत समूह जीवन बीमा, व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा, पूर्ण/आंशिक दिव्यांगता कवर और एयर एक्सीडेंट कवर मिलेगा. किसी आकस्मिक अनहोनी की स्थिति में बच्चों की पढ़ाई और बेटियों की शादी के लिए अतिरिक्त वित्तीय सहायता का भी प्रावधान है.
‘स्वच्छ एवं हरित’ विद्यालय के 12 प्रधानाध्यापक होंगे सम्मानित
इस कार्यक्रम में केवल सुविधाएं ही नहीं दी जाएंगी, बल्कि बेहतर काम करने वालों की पीठ भी थपथपाई जाएगी. राष्ट्रीय स्तर पर चयनित ‘स्वच्छ एवं हरित विद्यालय योजना’ के तहत यूपी के 12 उत्कृष्ट स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को सीएम योगी सम्मानित करेंगे. इन स्कूलों को परिसर में बेहतरीन स्वच्छता, साफ पेयजल, शौचालयों के रखरखाव और शानदार माहौल तैयार करने के लिए चुना गया है.


