UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज इन दिनों लगातार बदल रहा है और फिलहाल राहत मिलने के संकेत नहीं हैं. मौसम विभाग ने 3 मई के लिए प्रदेश के कई जिलों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. आने वाले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम का यही उतार-चढ़ाव बना रह सकता है.
3 मई को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार 3 मई को उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में मेघगर्जन और बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. खासकर पश्चिमी यूपी में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी या तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी बारिश के आसार हैं, हालांकि यहां तेज हवाओं को लेकर फिलहाल कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है.
330 किमी लंबा विंध्य एक्सप्रेसवे जोड़ देगा यूपी को 4 राज्यों से, 84 गांवों की बदलेगी किस्मत!
इन जिलों में ज्यादा असर
3 मई को जिन जिलों में मौसम ज्यादा बिगड़ सकता है, उनमें मेरठ, अलीगढ़, बुलंदशहर, मथुरा, आगरा, बाराबंकी, सहारनपुर, कानपुर, आजमगढ़, गाजीपुर, मिर्जापुर, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, देवरिया, गोंडा और सोनभद्र शामिल हैं. इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश और कहीं-कहीं आंधी की स्थिति बन सकती है. लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
4 मई से और बढ़ेगा असर
मौसम विभाग ने 4 और 5 मई के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा है. दरअसल, 4 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है. इसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ जगहों पर हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है.
बारिश के साथ बिजली गिरने का खतरा
आने वाले दिनों में कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है. ऐसे में खुले स्थानों पर खड़े रहने, पेड़ों के नीचे रुकने और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है. किसानों और यात्रियों को भी मौसम को ध्यान में रखकर योजना बनाने को कहा गया है.
NCR को मिलने जा रही है नई रफ्तार, गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा नमो भारत कॉरिडोर को मंजूरी
10 मई के बाद फिर बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल यह बदलाव अस्थायी है. 10 मई के बाद प्रदेश में तापमान फिर तेजी से बढ़ने की संभावना है. यानी अभी लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिलेगी, लेकिन आने वाले दिनों में लू और तेज गर्मी फिर से असर दिखा सकती है.
उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिन मौसम के लिहाज से संवेदनशील रहने वाले हैं. ऐसे में लोगों को सतर्क रहकर मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की जरूरत है.


