Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है. कड़ाके की सर्दी के बाद अब मरुधरा में तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. दिन के समय ठंड का असर लगभग खत्म हो चुका है और लोगों को हल्की गर्मी का एहसास होने लगा है. बीते रविवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में दिन का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया.
IMD जयपुर के आंकड़ों के अनुसार, रविवार को केवल हिल स्टेशन माउंट आबू और सिरोही को छोड़कर राजस्थान के सभी जिलों में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया. तेज धूप और साफ मौसम के कारण दिन में ठंड का प्रभाव कम हो गया है. अब स्थिति यह है कि लोग दिन के समय गर्म कपड़ों के बजाय सामान्य कपड़ों में नजर आ रहे हैं.
पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर तेजी से बढ़ रहा
बीते रिववार की बात करें तो प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा. मौसम केंद्र जयपुर की डेली डाटा रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 31.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस बात का साफ संकेत है कि पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर तेजी से बढ़ रहा है. वहीं, न्यूनतम तापमान की बात करें तो सीकर जिले के फतेहपुर में सबसे कम 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे सुबह और रात के समय ठंड का असर अब भी बना हुआ है.
राजस्थान दैनिक मौसम जानकारी 8 फरवरी 2026::: राज्य में आगामी 3-4 दिन तक म… https://t.co/8vzYR2Xg4K via @YouTube
— मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर (@IMDJaipur) February 8, 2026
बढ़ने लगा है तापमान
प्रदेश के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान भी धीरे-धीरे बढ़ रहा है. रविवार को राजस्थान के 15 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया. इससे यह संकेत मिलता है कि सर्दी अब अंतिम चरण में है और आने वाले दिनों में रात की ठंड में भी कमी देखने को मिल सकती है.
आर्द्रता 20 से 70 प्रतिशत के बीच रही
आर्द्रता की बात करें तो दर्ज प्रेक्षणों के अनुसार राज्य में औसत आर्द्रता 20 से 70 प्रतिशत के बीच रही. शुष्क मौसम और कम नमी के चलते दिन में धूप का असर ज्यादा महसूस किया गया, जबकि सुबह और शाम के समय हल्की ठंड बनी रही.
आगामी दिनों में साफ रहेगा मौसम
जयपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने आगामी एक सप्ताह के लिए मौसम को लेकर पूर्वानुमान जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले सात दिनों तक प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है और तापमान में किसी बड़े बदलाव की आशंका नहीं है.
आपकी आंखों के नीचे काले घेरे? इन 7 आसान घरेलू ट्रिक्स से पाएं तुरंत राहत
धूप का असर तेज रहेगा
जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि अगले पांच दिनों तक राजस्थान में मौसम सामान्य रूप से साफ रहेगा. दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर बना रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहने का अनुमान है. धूप का असर तेज रहेगा, जिससे दिन में हल्की गर्मी महसूस होगी.
उन्होंने यह भी बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. मौसम का स्तर लगभग स्थिर बना रहेगा. हालांकि सुबह और शाम के समय हल्की सर्दी का असर बना रह सकता है, जबकि दिन के समय तापमान में मामूली बढ़ोतरी महसूस की जाएगी.


