UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर बदलने की तैयारी में है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 2 मार्च से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ सकता है. विभाग ने संकेत दिए हैं कि कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, वहीं 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. हालांकि वर्षा ज्यादा तीव्र नहीं होगी, लेकिन तेज सतही हवाएं आम जनजीवन को प्रभावित कर सकती हैं.
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी. आगरा, मथुरा, अलीगढ़, अमेठी, बागपत, बहराइच, बलिया, बलरामपुर, बांदा, बाराबंकी, बस्ती, इटावा, फैजाबाद, हमीरपुर, मैनपुरी, मेरठ, मिर्जापुर, मुरादाबाद और सीतापुर समेत कई जिलों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है. मार्च की शुरुआत में ही गर्मी के तेवर तेज होने लगे हैं, जिससे दिन के समय गर्माहट बढ़ती महसूस हो रही है.
शंकर भगवान के गले में सांप का नाम क्या है? जानें पूरा महत्व
राजधानी लखनऊ में भी दिन और रात के तापमान में अंतर देखा जा रहा है. रविवार को यहां न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई. दिन में हल्की गर्मी का अहसास हो रहा है, लेकिन रात के समय मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना हुआ है. शहर में हवा की रफ्तार 13.7 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई. साप्ताहिक पूर्वानुमान के अनुसार सप्ताह के मध्य तक तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है.
पूर्वांचल और वाराणसी क्षेत्र में भी मौसम धीरे-धीरे गर्म हो रहा है. यहां न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है और लगातार वृद्धि देखी जा रही है. बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक है. वहीं न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहा. आर्द्रता का स्तर 41 से 69 प्रतिशत के बीच दर्ज किया गया. नमी में कमी के कारण बादलों की आवाजाही के बावजूद बारिश की संभावना कम बताई जा रही है. विभाग ने 4 मार्च तक तेज सतही हवाएं चलने की आशंका जताई है.
आगरा में भी गर्मी का असर साफ दिख रहा है. यहां न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री और अधिकतम 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. दिन में तेज धूप और हल्की गर्म हवाओं ने गर्मी का एहसास कराया. कुल मिलाकर 2 मार्च से प्रदेश में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा, जहां कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और हवाएं होंगी, तो कई जिलों में तापमान बढ़ने से गर्मी तेज होगी. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.


