Youtuber Anurag Dobhal: पॉपुलर यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अनुराग डोभाल, जो रियलिटी शो ‘बिग बॉस 17’ में भी नजर आ चुके हैं, इन दिनों अपने एक भावुक वीडियो को लेकर चर्चा में हैं. हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए कुछ करीबी लोगों पर धोखा देने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए थे. उन्होंने यह तक कहा था कि कुछ लोग उनकी हत्या की साजिश रच रहे हैं और उन्हें इस हद तक टॉर्चर किया गया है कि जीना मुश्किल हो गया है.
अब अनुराग डोभाल ने अपने यूट्यूब चैनल पर करीब दो घंटे का एक लंबा वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने अपने माता-पिता पर भी मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं. अनुराग का कहना है कि उनसे उनका पैसा, रिश्ते और सुकून सब छीन लिया गया है. उन्होंने यह भी दावा किया कि उनकी पत्नी रितिका भी उन्हें छोड़कर जा चुकी हैं. अनुराग ने कहा कि जिन लोगों ने उन्हें सबसे ज्यादा परेशान किया है, वह जल्द ही उन सभी को एक्सपोज करेंगे. वीडियो में उन्होंने तीन लोगों के नाम भी बताए हैं, जिन्हें वह अपने टॉर्चर का जिम्मेदार मानते हैं.
दो दशकों के भरोसे को सलाम… राज्यसभा की राह पर नीतीश कुमार, बोले-बिहार के विकास का संकल्प रहेगा अटूट
भावुक वीडियो से फैंस हैरान
अनुराग के इस वीडियो ने उनके फैंस को भी चिंतित कर दिया है. वीडियो में वह कई बार रोते हुए नजर आए और अपनी जिंदगी के कठिन दौर के बारे में खुलकर बात की. उन्होंने यह भी बताया कि वह आत्महत्या करने की कोशिश कर चुके हैं. अनुराग ने कहा कि यह शायद उनका आखिरी वीडियो हो सकता है और वह यूट्यूब छोड़ने का भी फैसला कर चुके हैं.
उन्होंने बताया कि वह वीडियो के साथ एक ड्राइव लिंक में कुछ सबूत भी अपलोड करेंगे, ताकि उनके बाद कोई यह न कहे कि उन्होंने झूठे आरोप लगाए थे.
बचपन में ब्रेन ट्यूमर से जंग
वीडियो में अनुराग ने अपने बचपन की एक बड़ी बीमारी का जिक्र भी किया. उन्होंने बताया कि जब वह 14 साल के थे, तब उन्हें ब्रेन ट्यूमर हुआ था, जिससे उन्होंने बड़ी मुश्किल से लड़ाई लड़ी. इसके बाद उन्होंने परिवार के लिए मेहनत की, पढ़ाई के साथ-साथ ट्यूशन पढ़ाकर घर की जिम्मेदारियां भी संभालीं.
अनुराग का कहना है कि उन्होंने हमेशा अपने परिवार की जरूरतों को प्राथमिकता दी, लेकिन बदले में उन्हें वह सहयोग नहीं मिला जिसकी उन्हें उम्मीद थी.
इंटरकास्ट मैरिज को लेकर विवाद
अनुराग ने बताया कि उनकी मुलाकात रितिका से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी. रितिका उनकी फैन थीं और धीरे-धीरे दोनों के बीच प्यार हो गया. बाद में दोनों ने शादी करने का फैसला किया.
हालांकि अनुराग के अनुसार, उनके परिवार को इस रिश्ते से दिक्कत थी क्योंकि यह इंटरकास्ट मैरिज थी. शुरुआत में परिवार ने शादी के लिए हामी भर दी थी, लेकिन शादी से करीब पांच दिन पहले उन्होंने अचानक शादी में आने से मना कर दिया.
अनुराग का आरोप है कि उन्हें रिश्तेदारों के सामने हाथ जोड़ने और माफी मांगने के लिए मजबूर किया गया. उन्होंने कहा कि परिवार ने उनकी पत्नी को घर में आने तक से मना कर दिया.
मानसिक तनाव और सुसाइड की कोशिश
वीडियो में अनुराग ने बताया कि इस पूरे घटनाक्रम के बाद वह मानसिक रूप से काफी टूट गए थे. उन्होंने कहा कि कई दिनों तक न तो उन्होंने ठीक से खाना खाया और न ही सो पाए.
उन्होंने यह भी बताया कि एक समय ऐसा आया जब उन्होंने अपनी मां के लिए खरीदी गई साड़ी से फांसी लगाने की कोशिश की, लेकिन आखिरी वक्त पर वह रुक गए.
मौत की जिम्मेदारी बताई
वीडियो के अंत में अनुराग डोभाल ने कहा कि अगर उनके साथ कुछ भी होता है, तो इसके लिए वह अपने माता-पिता, भाई और एक अन्य व्यक्ति को जिम्मेदार मानते हैं. उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से दर्द और तनाव में जी रहे हैं और अब पूरी तरह थक चुके हैं.
अनुराग का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और उनके फैंस लगातार उनकी सेहत और सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं.


