Bijnor News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले वालों के लिए अच्छी खबर है, बता दें कि अब यहां पर युवाओं को रोजगार के लिए महानगरों में भटकना नहीं पड़ेगा. यहां पर यूपी सरकार बड़ा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर बनाने की तैयारी शुरू हो गई है. इसको लेकर यूपी एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने जिला प्रशासन को पत्र भेजकर हाईवे के किनारे करीब 1000 हेक्टेयर भूमि चिह्नित करने को कहा है. प्रस्तावित इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में देश-विदेश की बड़ी कंपनियों को स्थापित करने की योजना है.
जमीन की तलाश शुरू
जानकारी के अनुसार, किसानों से भूमि खरीदकर यहां इंडस्ट्रियल एरिया विकसित किया जाएगा. इसके लिए प्रशासन ने हाईवे और अच्छी कनेक्टिविटी वाली सड़कों के पास जमीन की तलाश शुरू कर दी है. दरअसल, जिले में लंबे समय से इंडस्ट्रियल एरिया बनाने की मांग उठती रही है. उत्तराखंड और एनसीआर के कई उद्यमी भी बिजनौर में उद्योग लगाने के इच्छुक हैं, लेकिन इंडस्ट्रियल क्षेत्र न होने के कारण उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ता था.
यूपी में 3630 करोड़ से बनेगा नया हाई-स्पीड कॉरिडोर, दिल्ली-एनसीआर से सीधे जुड़ जाएगा एयरपोर्ट
जिले में कनेक्टिविटी बेहतर
अब जिले में कनेक्टिविटी भी बेहतर हो रही है. मेरठ-पौड़ी नेशनल हाईवे को फोरलेन करने का काम लगभग पूरा हो चुका है. इसके अलावा गोरखपुर-शामली ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे और गंगा एक्सप्रेसवे भी जिले से होकर गुजरने वाले हैं. इससे उद्योगों के लिए बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी.
1000 हेक्टेयर जमीन की तलाश
योजना के तहत करीब 1000 हेक्टेयर यानी लगभग 12 से 12.5 हजार बीघा भूमि पर इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित किया जाएगा. भूमि खरीद की पूरी प्रक्रिया यूपीडा द्वारा ही की जाएगी. सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में उपयुक्त जमीन की तलाश करने के निर्देश दिए गए हैं.
उद्यमियों की मांग के अनुसार भूमि उपलब्ध कराई जाएगी
प्रशासन की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि इंडस्ट्रियल कॉरिडोर किसी नदी के किनारे नहीं बनाया जाएगा, ताकि बाढ़ जैसी समस्याओं से बचा जा सके. साथ ही विवादित भूमि से भी दूर रहने को कहा गया है. इस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में उद्योगों के लिए बिजली, पानी, सड़क, ड्रेनेज, अस्पताल और अन्य बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएंगी. उद्यमियों की मांग के अनुसार उन्हें भूमि उपलब्ध कराई जाएगी.
बस… आने वाली है PM Kisan की 22वीं किस्त! 9 करोड़ किसानों के खाते में आएंगे ₹2000, ऐसे करें चेक
उपायुक्त उद्योग ने क्या बताया?
उपायुक्त उद्योग अमित कुमार ने बताया कि यूपीडा की ओर से भूमि चिह्नित करने के लिए पत्र मिला है. उत्तराखंड और एनसीआर के कई उद्यमी भी यहां जमीन लेने के लिए संपर्क कर रहे हैं. इंडस्ट्रियल एरिया बनने से बड़ी कंपनियां आएंगी और जिले के हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे.


