Amroha Murder Case: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां अवैध प्रेम संबंध में अंधी हुई एक महिला ने अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी. इतना ही नहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद वह पूरी रात अपने मासूम बच्चों के साथ पति के शव के पास ही सोती रही.
कहां का है ये मामला?
मामला थाना सैदनगली क्षेत्र के गांव ढक्का का है. पुलिस के अनुसार, 28 वर्षीय महराज दिल्ली में राजमिस्त्री का काम करता था और ईद के मौके पर घर आया हुआ था. उसकी पत्नी रूही का अपने रिश्ते के देवर फरमान से पहले से ही प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिससे वह शादी करना चाहती थी. लेकिन परिजनों ने उसकी शादी महराज से कर दी.
कब की है ये घटना?
बताया जा रहा है कि शनिवार रात जब महराज घर के बरामदे में सो रहा था, तब रूही ने उसे खाने में नशीली दवा दे दी. पति के बेहोश होते ही उसने अपने प्रेमी फरमान और उसके एक साथी को घर बुला लिया. तीनों ने मिलकर पहले महराज के हाथ-पैर बांधे और फिर धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया. विरोध करने पर उसके शरीर पर कई वार किए गए.
शव के पास बच्चों संग रातभर सोती रही
हत्या के बाद रूही ने सबूत छिपाने के बजाय पूरी रात शव के पास ही बच्चों के साथ सोकर बिताई. रविवार सुबह जब महराज के पिता मोमीन घर पहुंचे, तो खून से लथपथ बेटे की लाश देख उनके होश उड़ गए. उस समय भी रूही पास की चारपाई पर चादर ओढ़े सो रही थी.
कैसे हुआ इस हत्याकांड का खुलासा?
शुरुआत में रूही ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और कहानी गढ़ी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया था. लेकिन पुलिस को उसके बयानों में विरोधाभास लगा. सख्ती से पूछताछ करने पर वह टूट गई और पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया.
लखनऊ में भाई बना हैवान, सोते हुए सगे भाई को लोहे की रॉड से पीटकर मार डाला, वजह जान चौंक जाएंगे आप!
पुलिस ने आरोपी पत्नी रूही, उसके प्रेमी फरमान और एक अन्य साथी को गिरफ्तार कर लिया है. तीनों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया गया. अदालत ले जाते समय रूही ने अपने किए पर पछतावा जताते हुए कहा कि वह फरमान के इश्क में सब कुछ भूल गई थी. अब उसे अपने पति की हत्या का गहरा अफसोस है और अपने बच्चों के भविष्य की चिंता सता रही है.


