Aaj Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार अगले कई दिनों तक लोगों को तेज गर्मी से राहत मिलने की संभावना है और लू की गतिविधियों पर फिलहाल ब्रेक लगा रहेगा. हालांकि कुछ राज्यों में अधिकतम तापमान अभी भी लगभग 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जो हीटवेव की स्थिति के करीब माना जाता है.
पिछले कुछ दिनों से विभिन्न राज्यों में लगातार मौसमी गतिविधियां देखने को मिल रही हैं, जिसके कारण मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना हुआ है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान पर्वतीय क्षेत्रों उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ ही हल्की से मध्यम बारिश, ओलावृष्टि और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है.
PM Kisan की 23वीं किस्त से पहले बड़ा झटका! बिना इस चीज के नहीं मिलेंगे ₹2000, तुरंत करें ये काम
मौसम विभाग के अनुसार समूचे उत्तर भारत में गुरुवार तक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा. इसके प्रभाव से पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार में गरज-चमक, तेज आंधी और झोंकेदार हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है.
वहीं निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट के अनुसार साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी मौसम खराब रह सकता है. तमिलनाडु, केरल, तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में तूफानी हवाओं के साथ तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है. इसके अलावा पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों जैसे ओडिशा, सिक्किम और पश्चिम बंगाल में भी बारिश और कुछ स्थानों पर बर्फबारी के संकेत मिले हैं.
इसके साथ ही त्रिपुरा, मणिपुर, मिजोरम, छत्तीसगढ़, झारखंड और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
बिहार का मौसम
बिहार में अगले 24 घंटे के दौरान मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने करीब 12 जिलों में आंधी और बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है. जिन जिलों में अलर्ट जारी किया गया है उनमें दरभंगा, अररिया, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, शिवहर, सीतामढ़ी और सुपौल शामिल हैं.
दिल्ली-एनसीआर में आज का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से बादल छाए हुए हैं और बीच-बीच में बारिश तथा गरज के साथ बौछारें देखने को मिली हैं. इससे तापमान नियंत्रित बना हुआ है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है. इसके साथ ही वायु गुणवत्ता में भी सुधार देखा गया है.
फिलहाल दिल्ली में न्यूनतम तापमान करीब 16 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया है. मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले कुछ घंटों में गरज के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है.
राजस्थान में बारिश का अलर्ट
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से कई जिलों में आंधी-बारिश का दौर जारी है. पिछले तीन दिनों से चल रही मौसमी गतिविधियों के कारण तापमान में कई डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है.
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान कोटा, भरतपुर, बीकानेर, अजमेर, उदयपुर और जयपुर संभाग के कई इलाकों में मेघ गर्जन और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना भी बनी हुई है. हालांकि 9 अप्रैल से अगले पांच दिनों तक मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है, जिससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है.
मध्य प्रदेश में मौसम कैसा रहेगा
मध्य प्रदेश में साइक्लोनिक सर्कुलेशन और पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग के अनुसार भोपाल, रीवा, शिवपुरी, गुना, ग्वालियर, अशोकनगर, विदिशा, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, मऊगंज, सिंगरौली, सीधी, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, सतना, पन्ना, राजगढ़, रतलाम, आगर, निवाड़ी, मंदसौर और नीमच जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम विभाग के अनुसार 11 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे प्रदेश में फिर से आंधी और बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं. फिलहाल इन मौसमी गतिविधियों के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है.
Viral Video: यूरोप में ₹500 में बिक रहा देसी गन्ने का रस, भारतीय रह गए हैरान
यूपी में आंधी-बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में भी मौसम खराब बना हुआ है. पिछले तीन दिनों से राज्य के कई जिलों में आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी हैं. मौसम विभाग के अनुसार करीब 45 जिलों में बारिश और लगभग 10 जिलों में ओलावृष्टि की संभावना है.
इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कई स्थानों पर वज्रपात का खतरा भी बना रह सकता है. राजधानी लखनऊ, कानपुर, कानपुर देहात और बुंदेलखंड के कई जिलों में बादल छाए रहने, बिजली चमकने और हल्की बारिश की संभावना है. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से लेकर पूर्वी उत्तर प्रदेश के सोनभद्र और आगरा-मथुरा सहित कई जिलों में हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है.
पंजाब-हरियाणा में मौसम
पंजाब और हरियाणा में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से चंडीगढ़ सहित कई जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई है. पंजाब के अमृतसर, रूपनगर, मोहाली, पटियाला, पठानकोट और लुधियाना में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
मौसमी गतिविधियों के कारण चंडीगढ़, लुधियाना, पटियाला, पठानकोट और होशियारपुर में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. फिलहाल अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है.
हरियाणा के अंबाला, पंचकुला, नरनौल, गुरुग्राम, फरीदाबाद और रोहतक में भी तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है.
हिमाचल प्रदेश में मौसम
हिमाचल प्रदेश में अगले कई घंटों के लिए बारिश और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार तक शिमला, मंडी, सोलन, कुल्लू और कांगड़ा जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और बर्फबारी हो सकती है.
इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने, ओलावृष्टि और कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है. वहीं हमीरपुर, ऊना, बिलासपुर, चंबा और सिरमौर जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है.
जम्मू-कश्मीर में मौसम
जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ का असर स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है. गुलमर्ग, कुपवाड़ा और बांदीपुरा में बर्फबारी हो रही है, जबकि घाटी के मैदानी इलाकों में लगातार बारिश के कारण मौसम काफी ठंडा हो गया है.
मौसम विभाग के अनुसार 10 अप्रैल तक प्रदेश में मौसम खराब बना रह सकता है. अगले 24 घंटे के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश, ओलावृष्टि, तेज हवाएं और कुछ स्थानों पर बर्फबारी की संभावना है. साथ ही कई इलाकों में हिमस्खलन, बाढ़ और भूस्खलन की चेतावनी भी जारी की गई है.
दक्षिण भारत में साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर
दक्षिण भारत में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से मौसम खराब रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने 9 और 10 अप्रैल तक तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के समुद्र तटीय क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है.
इस दौरान लोगों को समुद्र तटीय इलाकों में नहीं जाने की सलाह दी गई है. केरल के एर्नाकुलम, कोट्टायम, अलाप्पुझा, कोल्लम, पुनालुर और तिरुवनंतपुरम जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है.
‘न्यू हाथरस’ बनेगा यूपी का नया विकास इंजन… यमुना प्राधिकरण का मास्टर प्लान, खुलेगा रोजगार का सागर!
पूर्वोत्तर में भारी बारिश का अलर्ट
पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम खराब रहने की संभावना है. बांग्लादेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से असम, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है.
इन क्षेत्रों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ तेज बारिश, ओलावृष्टि और कुछ स्थानों पर बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है. असम के दिसपुर, धुबरी, बारपेटा, नलबाड़ी, गुवाहाटी, गोलपारा, कोकराझार, बोंगाईगांव, कछार, हाफलोंग, सिलचर और करीमगंज में मौसम अधिक खराब रहने की संभावना है.


