Aaj Ka Mausam: देशभर में मौसम का मिजाज इन दिनों तेजी से बदल रहा है. 18 अप्रैल, शनिवार को जहां एक ओर कई राज्यों में आंधी और बारिश का दौर देखने को मिलेगा, वहीं दूसरी ओर कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी का असर बना रहेगा. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के 13 राज्यों में आंधी और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश, बिहार, असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, नागालैंड, मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में 18 से 20 अप्रैल के बीच मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है. साथ ही कुछ क्षेत्रों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है.
राजधानी दिल्ली में शुक्रवार शाम हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी और मौसम सुहावना हो गया. हालांकि IMD के मुताबिक 18 अप्रैल को दिल्ली में मौसम साफ रहने की संभावना है और तेज धूप निकलेगी. विभाग ने शनिवार के लिए गर्मी को लेकर चेतावनी भी जारी की है. आने वाले दिनों में यहां तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है. शनिवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
अवध विश्वविद्यालय में गूंजा नारी शक्ति का स्वर, ‘मिशन शक्ति 5.0’ संगोष्ठी में आत्मनिर्भरता का संदेश
यूपी में मौसम
उत्तर प्रदेश की बात करें तो उत्तर प्रदेश के कई जिलों में शनिवार को गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. हालांकि प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम शुष्क भी रह सकता है. राजधानी लखनऊ और औद्योगिक शहर कानपुर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है. वहीं वाराणसी, प्रयागराज और मिर्जापुर जैसे जिलों में मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान जताया गया है.
बिहार में मौसम
बिहार में भी शनिवार को मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. IMD के अनुसार राज्य के कई जिलों में आंधी और बारिश की संभावना है. साथ ही बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. राजधानी पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और भागलपुर में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. दूसरी ओर झारखंड में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहेगा, लेकिन यहां गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है. 18 से 20 अप्रैल तक राज्य के कई हिस्सों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है. गढ़वा, पलामू, चतरा, पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, लातेहार और सरायकेला-खरसावां जैसे जिलों में अधिकतम तापमान में 3 डिग्री तक की बढ़ोतरी संभव है और इन इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश का मौसम
पर्वतीय राज्यों की बात करें तो उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और कश्मीर में भी मौसम करवट ले सकता है. 18 और 19 अप्रैल को इन क्षेत्रों में बारिश की संभावना है. उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और उधम सिंह नगर में आंधी-बारिश हो सकती है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है. हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण ठंडक बढ़ गई है, खासकर मनाली से लाहौल-स्पीति तक तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है.
साउथ में मौसम
वहीं दूसरी ओर देश के कई हिस्सों में गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा. तमिलनाडु में तापमान अपने चरम पर पहुंच चुका है. इसके अलावा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र, तेलंगाना और रायलसीमा क्षेत्रों में भी भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है. पश्चिम बंगाल, केरल और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में उमस भरा मौसम बने रहने का अनुमान है, जिससे लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है.
राजस्थान में मौसम
राजस्थान में भी गर्मी धीरे-धीरे अपने तेवर दिखा रही है. अगले 12 घंटों में राज्य के बाड़मेर जिले में अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जो इस समय का सबसे अधिक तापमान माना जा रहा है. राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा और अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है.
देशभर में मौसम का यह मिश्रित रूप लोगों के लिए राहत और परेशानी दोनों लेकर आया है. जहां कुछ इलाकों में बारिश और ठंडी हवाओं से लोगों को राहत मिलेगी, वहीं अन्य क्षेत्रों में गर्मी और उमस लोगों को बेहाल करती रहेगी. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और मौसम के बदलते हालात के अनुसार जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है.


