Mathura News: मथुरा के गोवर्धन क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ऑनलाइन प्रवचन और भजन-कीर्तन के माध्यम से पढ़ी-लिखी एवं उच्च वेतन वाली युवतियों को अपने जाल में फंसाने वाले एक कथित साधु को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान अभिषेक मिश्रा उर्फ अधिकार्ता नारायण दास के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ओडिशा का निवासी है और मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक डिग्रीधारी है.
पुलिस के अनुसार आरोपी युवतियों को आध्यात्मिकता और धार्मिक आयोजनों के नाम पर अपने संपर्क में लाता था. इसके बाद उन्हें अपने आश्रमनुमा मकान पर बुलाकर नशीला पदार्थ देकर उनके साथ दुष्कर्म करता था तथा अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करता था.
Vedanta Group पर ED का बड़ा एक्शन, दिल्ली-मुंबई समेत कई ठिकानों पर छापेमारी; क्या है पूरा मामला?
बहन की शिकायत से खुला मामला
मामले का खुलासा तब हुआ जब छत्तीसगढ़ निवासी एक बीएससी नर्सिंग छात्रा की बहन ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार को शिकायत पत्र सौंपा. पीड़िता 15 मई को अपनी बहन के पास जन्मदिन मनाने मथुरा आई थी. उसकी बहन राधाकुंड क्षेत्र में किराए के मकान में रहती थी और भजन-कीर्तन मंडली के माध्यम से आरोपी के संपर्क में आई थी.
शिकायत के अनुसार 15 मई की रात आरोपी ने भगवान का प्रसाद बताकर पीड़िता को दूध पिलाया, जिसमें कथित रूप से नशीला पदार्थ मिला हुआ था. बेहोशी की हालत में आरोपी ने उसके साथ अश्लील हरकतें कीं और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी.
पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी
पीड़िता किसी तरह वहां से निकलकर अपने घर छत्तीसगढ़ पहुंची और घटना की जानकारी परिजनों को दी. आरोप है कि बाद में आरोपी ने वीडियो कॉल कर पांच लाख रुपये की मांग की तथा रकम न देने पर निजी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी. इसके बाद पीड़िता के पिता उसे लेकर मथुरा पहुंचे और पुलिस से शिकायत की. एसएसपी के निर्देश पर 25 मई को गोवर्धन थाने में मुकदमा दर्ज किया गया.
जांच में सामने आए कई चौंकाने वाले तथ्य
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी कई अन्य युवतियों को भी इसी तरह अपना शिकार बना चुका है. पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अन्य संभावित पीड़ितों और उनके परिवारों से भी संपर्क किया है. जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी वर्ष 2021 में रुड़की से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद एक निजी कंपनी में लगभग 20 लाख रुपये वार्षिक पैकेज पर कार्यरत था. कुछ समय बाद उसने नौकरी छोड़ दी और पिछले तीन वर्षों से राधाकुंड में किराए के मकान में रहकर खुद को साधु के रूप में स्थापित कर लिया.
मल्टीनेशनल कंपनियों में कार्यरत युवतियां थीं निशाने पर
पुलिस के अनुसार अभिषेक मिश्रा विशेष रूप से बीटेक और अन्य पेशेवर डिग्रीधारी युवतियों को निशाना बनाता था, जो मल्टीनेशनल कंपनियों में कार्यरत थीं. वह ऑनलाइन प्रवचन, धार्मिक कार्यक्रमों और कथित आध्यात्मिक मार्गदर्शन के जरिए उनका विश्वास जीतता था. आरोपी कथित रूप से पढ़े-लिखे युवक-युवतियों का गंधर्व विवाह भी कराता था और बाद में उन्हें अपने प्रभाव में लेकर शोषण करता था.
ब्लैकमेलिंग के पैसों से खरीदा मकान
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अश्लील वीडियो और तस्वीरों के जरिए युवतियों को ब्लैकमेल कर मोटी रकम वसूलता था. इसी धन से उसने राधाकुंड में एक मकान खरीदा था, जिसे उसने आश्रम का रूप दे रखा था.
एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि पुलिस ने सोमवार शाम आरोपी को उसके राधाकुंड स्थित मकान से गिरफ्तार कर लिया. कार्रवाई के दौरान वहां से दो युवतियों और एक बालक को सुरक्षित मुक्त कराया गया, जिन्हें नशा मुक्ति केंद्र भेजा गया है.
45 लीटर की टंकी में 52 लीटर पेट्रोल! कानपुर के पेट्रोल पंप पर हंगामा, जांच के आदेश
मोबाइल से मिले आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें
पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन से एक दर्जन से अधिक युवक-युवतियों की अश्लील तस्वीरें और वीडियो बरामद किए हैं. फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और उसके नेटवर्क, वित्तीय लेनदेन तथा अन्य संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है.


