Assam AN-32 Aircraft Crash: असम के जोरहाट से एक बेहद दर्दनाक और दुखद खबर सामने आ रही है. यहाँ भारतीय वायुसेना (IAF) का एक AN-32 परिवहन विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है. इस भीषण हादसे में विमान में सवार वायुसेना के 5 जवान देश की सेवा में शहीद हो गए हैं. वहीं, विमान के को-पायलट को गंभीर हालत में बचा लिया गया है, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. भारतीय वायुसेना ने इस हादसे पर गहरा दुख जताते हुए शहीद जवानों के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया है.
रोज ₹200 का नुकसान होता था, लोग कहते थे नौकरी कर लो, आज उसी फैसले से हर महीने लाखों की कमाई
शहीद जवानों के नाम जारी
वायुसेना ने एक आधिकारिक बयान जारी कर हादसे में जान गंवाने वाले देश के वीर सपूतों के नामों की घोषणा की है. इस हादसे में शहीद होने वाले वीरों में शामिल हैं. स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, जितेंद्र शर्मा, अग्निवीर वायु खेमराम कुमावत, अग्निवीर वायु दानिश आलम का नाम है. भारतीय वायुसेना ने बयान में कहा कि IAF इस विमान हादसे में शहीद हुए सभी जवानों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती है. देश के लिए उनका यह सर्वोच्च बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा.
लैंडिंग के तुरंत बाद विमान में लगी आग
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह हादसा जोरहाट एयरबेस पर लैंडिंग के तुरंत बाद हुआ. बताया जा रहा है कि विमान रनवे (हवाई पट्टी) पर उतरने के बजाय उसके पास मौजूद उबड़-खाबड़ हिस्से में लैंड कर गया, जिसके तुरंत बाद उसमें भीषण आग लग गई.
हादसे के फौरन बाद एयरबेस की इमरजेंसी यूनिट और फायर टेंडर को एक्टिव किया गया. रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और को-पायलट को विमान से सुरक्षित बाहर निकाला. को-पायलट की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है.
‘कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी’ के आदेश, अफवाहों से बचने की अपील
वायुसेना ने इस पूरे मामले की गहन जांच के लिए एक समिति का गठन करते हुए ‘कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी’ (Court of Inquiry) के आदेश दे दिए हैं. इसके साथ ही वायुसेना ने लोगों से इस संवेदनशील हादसे को लेकर किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा न करने का अनुरोध किया है.
लैपटॉप में USB पोर्ट अलग-अलग रंगों के क्यों होते हैं? जानिए नीले, काले और लाल रंग का असली मतलब
भारी बारिश और खराब मौसम हो सकता है कारण
इस दर्दनाक हादसे पर नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के पूर्व फ्लाइट ऑपरेशन्स इंस्पेक्टर प्रशांत ढल्ला ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने इसे एक बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताते हुए कहा कि AN-32 भारतीय वायुसेना का एक बेहद भरोसेमंद और बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होने वाला कार्गो ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट है. यह क्रैश जोरहाट एयरफोर्स स्टेशन बेस के ठीक पास हुआ है, जो हैरान करने वाला है. जांच के बाद ही सही वजह सामने आएगी, लेकिन शुरुआती इनपुट्स के मुताबिक जोरहाट में कम ऊंचाई पर घने बादल थे और भारी बारिश हो रही थी. खराब विजिबिलिटी इस हादसे की एक बड़ी वजह हो सकती है.


