NEET पेपर लीक मामले को लेकर जारी विरोध प्रदर्शन के बीच केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने प्रदर्शनकारी छात्रों से बातचीत की अपील की है. उन्होंने कहा कि सरकार सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है और समाधान का रास्ता संवाद से ही निकलेगा.
मीडिया से बातचीत में डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि पिछले 24 घंटों में छात्र प्रतिनिधियों को बातचीत के लिए चार बार प्रस्ताव भेजा गया, लेकिन अब तक वार्ता नहीं हो सकी. उन्होंने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को खुला निमंत्रण देते हुए कहा कि वे किसी भी समय बातचीत के लिए आ सकते हैं.
जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह रहेंगे मौजूद
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रस्तावित वार्ता में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और वह स्वयं मौजूद रहेंगे. उन्होंने बताया कि बातचीत केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के आवास या उनके कार्यालय में खुले मन से की जा सकती है.
उन्होंने कहा कि बिना संवाद के किसी भी समस्या का समाधान संभव नहीं है और सरकार छात्रों की सभी चिंताओं को सुनने के लिए तैयार है.
छात्रों का हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट किया है कि छात्रों का हित और उनका भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि सरकार विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए लगातार आवश्यक कदम उठा रही है.
पेपर लीक मामलों के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट का फैसला
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में पेपर लीक मामलों की त्वरित सुनवाई के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट गठित करने का निर्णय लिया है. इसका उद्देश्य ऐसे मामलों में शामिल दोषियों को जल्द से जल्द सख्त सजा दिलाना है, ताकि विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके.
कौन हैं रिया अहीर? मुंबई छात्र प्रदर्शन में पुलिस वैन के सामने डटकर खड़ी हुईं, वीडियो हुआ वायरल
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि ऐसे मामलों का जल्द निपटारा हो और छात्रों का विश्वास परीक्षा प्रणाली में बना रहे.


