Lucknow House Tax OTS Scheme: लखनऊ नगर निगम ने शहरवासियों को बड़ी राहत देने की तैयारी की है. अब गृहकर (हाउस टैक्स) की एकमुश्त समाधान योजना (OTS) का लाभ लेने के लिए नगर निगम के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी. नगर निगम ऐसा ऑनलाइन मॉड्यूल तैयार कर रहा है, जिसके जरिए लोग घर बैठे ही ब्याज में छूट के साथ अपना गृहकर जमा कर सकेंगे.
PM मोदी का वीडियो फेसबुक से क्यों हटा? Meta ने माफी के साथ बताई वजह
15 अगस्त से शुरू होगी OTS योजना
नगर निगम के मुताबिक, 15 अगस्त से 15 दिसंबर तक एकमुश्त समाधान योजना लागू रहेगी. इस दौरान गृहकर के बकायेदार ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से योजना का लाभ उठा सकेंगे.
अप्रैल 2026 तक के बकाया पर मिलेगी ब्याज में पूरी छूट
इस योजना के तहत अप्रैल 2026 तक के बकाया गृहकर पर लगने वाले ब्याज में 100 फीसदी छूट दी जाएगी. यह सुविधा आवासीय और व्यावसायिक दोनों प्रकार की संपत्तियों के लिए उपलब्ध होगी. नगर निगम को उम्मीद है कि करीब 2.5 लाख भवन स्वामी इस योजना का लाभ उठाएंगे.
ऐसे मिलेगा ऑनलाइन लाभ
नगर निगम की वेबसाइट पर OTS का अलग लिंक उपलब्ध कराया जाएगा. भवन स्वामी को अपनी हाउस आईडी और पासवर्ड दर्ज करना होगा. इसके बाद बिना ब्याज वाला संशोधित बिल स्क्रीन पर दिखाई देगा, जिसे ऑनलाइन ही भुगतान किया जा सकेगा. पहली बार ऑनलाइन सेवा का उपयोग करने वाले लोगों को पहले वेबसाइट पर अपना यूजर आईडी और पासवर्ड बनाना होगा. इसके बाद वे OTS पोर्टल का उपयोग कर सकेंगे.
ऑफलाइन सुविधा भी रहेगी
जो लोग ऑनलाइन भुगतान नहीं करना चाहते, वे नगर निगम के सभी आठ जोन कार्यालयों में बनाए गए विशेष काउंटरों पर जाकर भी OTS योजना का लाभ उठा सकेंगे. इसके अलावा 15 अगस्त से हर जोन में विशेष हेल्पडेस्क भी शुरू किए जाएंगे.
जौहर यूनिवर्सिटी ध्वस्तीकरण पर फिलहाल रोक, मुरादाबाद मंडलायुक्त न्यायालय से अपीलकर्ता को अंतरिम राहत
नगर निगम का क्या है लक्ष्य?
फिलहाल बकाया गृहकर पर 15% वार्षिक ब्याज लगाया जाता है. OTS योजना के जरिए नगर निगम का उद्देश्य अधिक से अधिक बकाया गृहकर की वसूली करना और करदाताओं को ब्याज से राहत देना है. साथ ही गृहकर से जुड़ी आपत्तियों और बिल संबंधी समस्याओं का निस्तारण भी ऑनलाइन किया जाएगा.


