UP Smart RC Card: उत्तर प्रदेश के वाहन चालकों के लिए परिवहन विभाग ने एक बड़ा और हाईटेक बदलाव किया है. 1 अगस्त 2026 से प्रदेश में कागजी रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC) का दौर पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है. अब राज्य में एटीएम (ATM) कार्ड जैसी मजबूत, माइक्रो चिप और QR कोड से लैस ‘स्मार्ट आरसी’ जारी की जा रही है. इस फैसले से जहां नए वाहन खरीदारों को सहूलियत मिलेगी, वहीं पुराने वाहन मालिकों के लिए भी अपनी आरसी को डिजिटल कार्ड में बदलने का रास्ता साफ हो गया है.
भारत की लंबी छलांग, गुलवीर सिंह ने दो मेडल जीतकर इतिहास के पन्नों पर दर्ज कराया नाम
स्मार्ट आरसी की मुख्य खासियतें
अब बड़ी पर्ची को संभालकर या पॉलीथिन में लपेटकर रखने की झंझट खत्म. यह स्मार्ट आरसी आपके पर्स या वॉलेट में आसानी से आ जाएगी. प्लास्टिक कार्ड होने के कारण इसके फटने, कटने या पानी से खराब होने का डर नहीं रहेगा. इस हाईटेक कार्ड में वाहन और उसके मालिक से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियों का डिजिटल डेटा स्टोर रहेगा.
पुरानी गाड़ियों के मालिक क्या करें?
अगर आपके पास पहले से गाड़ी है और पुरानी कागजी आरसी मौजूद है, तो घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. सरकार ने पुरानी आरसी को नई स्मार्ट आरसी में अपग्रेड करने का आसान विकल्प दिया है.परिवहन विभाग के आधिकारिक ‘वाहन पोर्टल’ (Vahan Portal) पर जाएं. स्मार्ट कार्ड में परिवर्तन का विकल्प चुनकर निर्धारित शुल्क जमा करें. आवेदन स्वीकृत होने के बाद नई चिप और QR कोड वाली स्मार्ट आरसी सीधे आपके पंजीकृत पते पर डाक द्वारा भेज दी जाएगी.
1 अगस्त के बाद खरीदी जाने वाली सभी नई गाड़ियों का पंजीकरण अब स्वतः स्मार्ट आरसी के रूप में ही होगा. इसके लिए अलग से कोई अतिरिक्त फॉर्म भरने की आवश्यकता नहीं है.
ट्रैफिक चेकिंग में बचेगा समय
नई व्यवस्था का सबसे बड़ा फायदा ट्रैफिक पुलिस की चेकिंग के दौरान मिलेगा. ट्रैफिक पुलिस या आरटीओ अधिकारी स्मार्ट आरसी पर छपे QR कोड को अपने डिवाइस से स्कैन करते ही वाहन की पूरी जानकारी तुरंत देख सकेंगे. कागजी दस्तावेंजों की जांच में लगने वाला लंबा समय बचेगा और चेकिंग की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और तेज होगी.


