Jhansi Link Expressway: उत्तर प्रदेश में झांसी लिंक एक्सप्रेस-वे परियोजना ने रफ्तार पकड़ ली है. जनपद में इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए करीब 85 फीसदी भूमि खरीद का काम पूरा हो चुका है. जिला प्रशासन का दावा है कि 15 अगस्त तक शेष 164 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण भी पूरा कर लिया जाएगा. इसके बाद निविदा प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा.
यूपीडा द्वारा प्रस्तावित 106.3 किलोमीटर लंबे झांसी लिंक एक्सप्रेस-वे के निर्माण की दिशा में तेजी से काम चल रहा है. जिला प्रशासन ने दावा किया है कि आगामी 15 अगस्त तक शेष 164 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण भी पूरा कर लिया जाएगा. इसके तुरंत बाद निविदा प्रक्रिया संपन्न कराकर एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा.
बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे और बीडा से मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी
यह छह लेन (भविष्य में आठ लेन तक विस्तार योग्य) ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे झांसी के अंबावाय से शुरू होकर उरई स्थित बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे को जोड़ेगा. करीब 5,001.74 करोड़ रुपये की कुल अनुमानित लागत वाली इस परियोजना को दो पैकेज में विकसित किया जाएगा. इसके निर्माण के लिए तीन वर्ष का समय निर्धारित किया गया है. इस एक्सप्रेस-वे के बनने से झांसी को बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे, डिफेंस कॉरिडोर और बुंदेलखंड औद्योगिक विकास क्षेत्र (बीडा) से सीधी और बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे क्षेत्र के औद्योगिक विकास को गति मिलेगी.
जून से शुरू हुआ था जमीन खरीद का काम
एडीएम वित्त एवं राजस्व पल्लवी मिश्रा के अनुसार, झांसी जनपद में एक्सप्रेस-वे के लिए कुल 1124.11 हेक्टेयर भूमि क्रय की जानी है. जून माह में शुरू हुए भूमि अधिग्रहण अभियान के तहत अब तक 960 हेक्टेयर जमीन खरीदी जा चुकी है. प्रशासन का लक्ष्य है कि अगले 10 दिनों में शत-प्रतिशत भूमि क्रय का कार्य पूर्ण कर लिया जाए.
विदेश मंत्रालय अब Snapchat पर भी, MEA ने लॉन्च किया आधिकारिक अकाउंट, यूजर्स से जुड़ने की अपील
तहसीलवार भूमि खरीद की स्थिति
गरौठा: लक्ष्य 284.23 हेक्टेयर, खरीद 242.30 हेक्टेयर
टहरौली: लक्ष्य 139.04 हेक्टेयर, खरीद 123.20 हेक्टेयर
मोंठ: लक्ष्य 479.42 हेक्टेयर, खरीद 395.40 हेक्टेयर
सदर: लक्ष्य 221.40 हेक्टेयर, खरीद 199.10 हेक्टेयर
भूमि अधिग्रहण पूरा होने के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा.


