Mumbai News: मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है. केंद्र सरकार ने मुंबई के उपनगरीय रेल नेटवर्क के लिए 238 नई AC लोकल ट्रेनों को मंजूरी दे दी है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के मुताबिक, इन ट्रेनों का निर्माण तेजी से किया जाएगा और 2027 तक पहली नई AC लोकल ट्रेन यात्रियों के लिए उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है.
2030 तक पूरा होने वाली प्रक्रिया को किया गया तेज
रेल मंत्री ने बताया कि पहले अपनाई जा रही प्रक्रिया के चलते नई AC लोकल ट्रेनों को मुंबई नेटवर्क में शामिल करने में काफी समय लग रहा था. इसी वजह से परियोजना के पूरा होने में 2030 तक का समय लगने की आशंका थी. सरकार ने अब निर्माण प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए नई रणनीति अपनाई है. नई ट्रेनों के निर्माण की जिम्मेदारी इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF), रेल कोच फैक्ट्री (RCF) और मॉडर्न कोच फैक्ट्री (MCF) को दी जाएगी. इससे उत्पादन क्षमता बढ़ाने और ट्रेनों की डिलीवरी जल्द करने में मदद मिलेगी.
गर्मी और भीड़ से मिलेगी राहत
मुंबई लोकल में सफर करने वाले यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है. मौजूदा समय में AC लोकल ट्रेनों की संख्या सीमित होने के कारण इनके लिए मांग भी काफी अधिक है. 238 नई AC लोकल के शामिल होने से नेटवर्क में AC सेवाओं का विस्तार होगा और यात्रियों को अधिक आरामदायक सफर मिल सकेगा. नई ट्रेनों के आने से भीड़ को कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है. खासकर गर्मी और उमस के मौसम में AC लोकल यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती हैं.
दादर, कुर्ला, घाटकोपर से पनवेल तक सफर होगा आसान
मुंबई का उपनगरीय रेल नेटवर्क पश्चिमी, मध्य और हार्बर लाइन में फैला हुआ है. लाखों यात्री रोजाना इन लाइनों के जरिए मुंबई और आसपास के इलाकों में सफर करते हैं.
वेस्टर्न लाइन
चर्चगेट, मुंबई सेंट्रल, दादर, बांद्रा, अंधेरी, बोरीवली, भायंदर, वसई रोड, विरार और डहानू रोड जैसे प्रमुख स्टेशन इस लाइन पर आते हैं. सीएसएमटी से शुरू होने वाली सेंट्रल लाइन दादर, कुर्ला और घाटकोपर होते हुए कल्याण तक जाती है. आगे यह कसारा और खोपोली की दिशा में विभाजित होती है.
फेंकने की मत सोचना! काली पड़ी डोरमैट मिनटों में हो जाएगी नई जैसी, बस आजमाएं रसोई की ये 2 चीजें
हार्बर लाइन
हार्बर लाइन मुंबई शहर को नवी मुंबई से जोड़ती है. सीएसएमटी, वडाला रोड, वाशी, नेरुल, बेलापुर और पनवेल इसके प्रमुख स्टेशन हैं. 238 नई AC लोकल ट्रेनों के आने से मुंबई के विशाल उपनगरीय नेटवर्क में यात्रियों को बेहतर, आधुनिक और आरामदायक परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है. 2027 में पहली नई AC लोकल के संचालन के साथ इस दिशा में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है.


