Noida Elevated Road: नोएडा में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एक और बड़ा एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट सामने आया है. सेक्टर-38 से सेक्टर-94 तक करीब 2 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड बनाया जाएगा. इसकी खास बात यह होगी कि इसका एक हिस्सा मेट्रो की मजेंटा लाइन के ऊपर से गुजरेगा. इसी वजह से इसकी ऊंचाई करीब 20 मीटर रखी जाएगी, जो नोएडा-भंगेल में बने मौजूदा एलिवेटेड रोड से लगभग दोगुनी होगी.
दिल्ली जैसी एयरोसिटी से बदलेगा गाजियाबाद का नक्शा! 3 गांवों की 230 हेक्टेयर जमीन पर बसेगी नई टाउनशिप
300 करोड़ रुपये की लागत का अनुमान
प्रस्तावित एलिवेटेड रोड की डीपीआर आईआईटी रुड़की ने तैयार कर नोएडा अथॉरिटी को सौंप दी है. परियोजना पर करीब 300 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. हालांकि, अंतिम लागत डीपीआर में बदलाव और निर्माण की विस्तृत योजना के बाद घट या बढ़ सकती है. अथॉरिटी ने प्रारंभिक डीपीआर में कुछ संशोधन सुझाए हैं और आईआईटी रुड़की से फाइनल डीपीआर तैयार करने को कहा है.
मेट्रो लाइन के ऊपर से गुजरेगा एलिवेटेड रोड
इस परियोजना में सबसे बड़ी तकनीकी चुनौती मेट्रो की मजेंटा लाइन है. एलिवेटेड रोड का कुछ हिस्सा मेट्रो ट्रैक के ऊपर से होकर गुजरेगा. इसी वजह से सड़क को करीब 20 मीटर ऊंचाई पर बनाया जाएगा. नोएडा और भंगेल में बने मौजूदा एलिवेटेड रोड की ऊंचाई करीब 10 मीटर है. ऐसे में नया एलिवेटेड रोड इनसे काफी ऊंचा होगा.
चिल्ला एलिवेटेड रोड से जुड़ेगा सेक्टर-94
दिल्ली के मयूर विहार फ्लाईओवर से नोएडा के महामाया फ्लाईओवर तक चिल्ला एलिवेटेड रोड परियोजना पर काम चल रहा है. इसी कनेक्टिविटी को आगे बढ़ाते हुए महामाया फ्लाईओवर से सेक्टर-94 स्थित यमुना पुश्ते तक एलिवेटेड रोड बनाया जाएगा. पहले इस हिस्से की लंबाई करीब 1.5 किलोमीटर प्रस्तावित थी, जिसे बढ़ाकर अब 2 किलोमीटर कर दिया गया है.
कुशीनगर को मिलेगा नया बाईपास, 15 करोड़ से चौड़ी होगी सड़क
पुश्ते तक सीधी कनेक्टिविटी के लिए बनेगा पुल
अथॉरिटी ने डीपीआर में एक और अहम बदलाव का सुझाव दिया है. महामाया फ्लाईओवर के पास एलिवेटेड रोड से यमुना पुश्ते की ओर जाने वाले वाहनों के लिए सीधी कनेक्टिविटी देने के लिए एक पुल बनाया जाएगा. इससे पुश्ते की ओर जाने वाले वाहनों को बेहतर रास्ता मिलेगा और आसपास की सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम करने में मदद मिल सकती है. अगर परियोजना तय योजना के अनुसार आगे बढ़ती है तो सेक्टर-38 से सेक्टर-94 तक यह नया एलिवेटेड रोड नोएडा के महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट्स में शामिल होगा.


