Kushinagar Bypass: कुशीनगर शहर में बढ़ते यातायात के दबाव और जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने बड़ी योजना तैयार की है. बकुलहा से पड़री तक करीब 6.7 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण कराया जाएगा. इस परियोजना पर लगभग 15 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. पीडब्ल्यूडी ने निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेज दिया है. स्वीकृति मिलते ही टेंडर समेत अन्य प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा.
अलीगढ़ में बनेगा 10 किमी लंबा बाईपास, 70 करोड़ रुपये होंगे खर्च; खैर के जाम से मिलेगी बड़ी राहत
चौड़ीकरण के बाद बाईपास का करेगा काम
पडरौना से बकुलहा होते हुए पड़री तक जाने वाली यह सड़क नेबुआ नौरंगिया मार्ग से जुड़ती है. पूरी सड़क की लंबाई करीब 14 किलोमीटर है. फिलहाल पडरौना से बकुलहा तक 6.7 किलोमीटर हिस्से में चौड़ीकरण का काम चल रहा है, जबकि बकुलहा से पड़री के बीच करीब 6.7 किलोमीटर सड़क अभी महज तीन मीटर चौड़ी है. सड़क की कम चौड़ाई के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ बड़े वाहनों के आवागमन में परेशानी होती है. शहर की ओर वाहनों का दबाव बढ़ने पर इस मार्ग पर भी जाम की स्थिति बन जाती है.
शहर के प्रमुख मार्गों पर घटेगा ट्रैफिक का दबाव
बकुलहा से पड़री तक सड़क चौड़ी होने के बाद वाहनों के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध होगी. इससे शहर के प्रमुख मार्गों पर निर्भरता कम होगी और वैकल्पिक रास्ता तैयार हो जाएगा. खासकर बड़े वाहनों को शहर के अंदर से गुजरने की जरूरत कम पड़ेगी, जिससे मुख्य बाजार और प्रमुख सड़कों पर यातायात का दबाव घटने की उम्मीद है.
आसपास के गांवों को भी मिलेगा फायदा
इस सड़क के चौड़ीकरण से बकुलहा, पड़री और आसपास के गांवों के लोगों को भी राहत मिलेगी. बेहतर सड़क होने से शहर तक आने-जाने में समय कम लगेगा और आवागमन अधिक सुविधाजनक होगा. पीडब्ल्यूडी के एई सूबेदार यादव ने बताया कि प्रस्तावित निर्माण पूरा होने के बाद यह सड़क बाईपास के रूप में काम करेगी. इससे शहर की जाम की समस्या कम करने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी. शासन से स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर सहित अन्य औपचारिकताएं पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा.


